Friday, December 9, 2016

जहरीली हवा है जानलेवा, जागरण है आवश्यक



अजय शर्मा

दिवाली के बाद दिल्ली एनसीआर को वायु प्रदूषण ने बुरी तरह से प्रभावित किया। पूरा वातावरण दमघोंटू हो गया। लोगों का सांस लेना भी दूभर हो गया था। जिसके परिणामस्वरूप लोग इसकी शिकायतें लेकर लोग अस्पतालों में भी पहुंचने शुरू हो हुए। दिल्ली की हवा इतनी जहरीली हो गई थी इसका अंदाजा दिल्ली सरकार के स्कूल बंद करने के आदेश से लगाया जा सकता है। एनजीटी ने भी दिल्ली सरकार को वायु प्रदूषण को लेकर फटकार लगाई।

समस्या यह नहीं कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण कैसे किया जाए। बल्कि समस्या यह है कि वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर या फिर इसे स्वच्छ रखने के लिए अब तक किए गए प्रयास कारगर साबित क्यों नहीं हुए। प्रश्न यह है कि क्यों दिल्ली एनसीआर की हवा दिन पर दिन जहरीली होती जा रही है। क्यों दिल्ली एनसीआर में लंदन जैसे ग्रेट स्मॉग जैसे हालात पैदा किए जा रहे हैं। जब लंदन में स्मॉग से लगभग 4000 लोग मर गए थे। अभी हाल ही में एक राष्टीय प्रतिष्ठित अखबार के हवाले से खबर आई है कि दिल्ली में हर रोज औसतन वायु प्रदूषण से 300 लोग मर रहे हैं।

डॉक्टर्स एवं र्प्यावरणविदों के मुताबिक दिल्ली की आबोहवा रहने लायक नहीं है। यदि आप जिंदा रहना चाहते हैं तो तुरंत दिल्ली एनसीआर छोड़ दें। यहां का वातावरण बच्चों एवं बुजुर्गों को असमय काल के मुंह में और भयंकर जान लेवा बीमारियों की गिरफत में ले रहा है। शिशुओं का समुचित विकास नहीं हो पा रहा है।
जबकि पिछले कई दशकों से दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण को लेकर सैकड़ों जन जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं फिर भी स्थितियां जस की तस हैं। तो ऐसे में सवाल यह उठता है कि कमी कहां है। कौन है जिम्मेदार ? सरकार या फिर हम लोग ?  


पिछले दिनों के हालातों को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि जब पूरा दिल्ली एनसीआर धुंध और धुएं से हांफ रहा था। सरकार के तमाम ‘उपायों’ के बावजूद सार्वजनिक मॉनिटरों पर शहर की वायु प्रदूषण के स्तर से कहीं ज्यादा जहरीली आबोहवा थी। नतीजतन, राज्य की बिगड़ती सेहत और लोगों की नाराजगी को देखते हुए केंद्रीय पर्यावरण सचिव एएन झा ने बीते तीन नवंबर को एक आपात बैठक बुलाई। इसमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के पर्यावरण सचिव भी शामिल हुए। इस मीटिंग के नतीजे को जानने के लिए पर्यावरण मंत्रालय के बाहर जमा पत्रकारों को बताया गया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र को अपनी गिरफ्त में ले चुके जानलेवा प्रदूषण से निपटने के लिए सरकार ‘सख्त कदम’ उठाने जा रही है। कई उपायों की घोषणा भी की गई, जैसे कि ईंट भट्ठों को बंद करना, डीजल से चलने वाले जेनरेटरों को नियंत्रित करना और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का दिल्ली पुलिस को आदेश देना।

सारी बातें सुनकर जनता भी संतुष्ट हो गई कि चलो, वायु प्रदूषण के खिलाफ कुछ तो हो रहा है।

मगर इसमें जो सच है वो हम नहीं जानते, वो यह कि जिन उपायों की बात उस दिन की गई थी, वे महज सुझाव थे। और यह भी सच है कि इन सुझावों के आगे जाकर कोई दूसरी कार्रवाई भी नहीं की गई। इससे भी दुर्भाग्यपूर्ण बात यह कि ठीक ऐसे ही सुझाव साल 2015 में उस वक्त जारी किए गए थे, जब पर्यावरण मंत्रालय के मुखिया प्रकाश जावडे़कर थे। यानी पिछले साल की तरह इस बार भी मीटिंग के बाद कोई खास आदेश नहीं दिया गया था, सिर्फ ‘दिशा-निर्देश’ जारी करके अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली गई थी।
हालांकि अगले 48 घंटों में मौसम का मिजाज कुछ ठीक हुआ, सूर्य देवता मेहरबान हुए और दृश्यता भी बेहतर हुई। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी 900 से घटकर 500 पर आ गया (जो खतरनाक ही माना जाता है), और हम एक बार फिर वायु प्रदूषण को भूल गए। अपना मीडिया भी दूसरी खबरों की तलाश में जुट गया। और उसे खबर मिल भी गई, देश में नोटबंदी की खबर के रूप में और मीडिया इस जानलेवा वायु प्रदूषण को भूल गया।

मगर सच एक हफ्ते के बाद ही सामने आ गया, जब दिल्ली में वायु प्रदूषण के मसले पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में सुनवाई हुई। जजों द्वारा यह सवाल पूछने पर कि किस तरह के खास कदम उठाए गए हैं, अधिकारियों ने स्वीकार किया कि तीन नवंबर की बैठक के बाद जिन उपायों की घोषणा की गई थी, वे सिर्फ दिशा-निर्देश थे। मगर अभी एक बड़ा खुलासा होना बाकी था। एक अखबार के हवाले से पता चला कि,  ‘सभी संबंधित अधिकारियों ने यह स्वीकार किया कि प्रदूषण को नियंत्रित करने के कानूनों, यहां तक कि एनजीटी के आदेशों को भी बमुश्किल लागू किया जा सका।’ ‘किसी ने यह सुझाव शायद ही दिया कि इन आदेशों व कानूनों को आखिर किस तरह लागू करना सुनिश्चित किया जा सकता है।’ यह जानकर बहुत ही हैरानी होती है कि किस तरह लोगों के जीवन से खेला जा रहा है।

एनजीटी द्वारा की जा रही खिंचाई के दरम्यान केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी कुछ तथ्य पेश किए, जिनके अनुसार उत्तर भारत के शहरों में सभी तरह के निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगा दी जानी चाहिए। बोर्ड के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सूक्ष्म कणों यानी पीएम-10 का स्तर 1,990 ग्राम प्रति घनमीटर को भी पार कर गया था। मगर वायु गुणवत्ता को बताने के लिए लगाए गए मॉनिटर 500 तक ही आंकड़े दिखा रहे थे। साफ है कि पीएम-10 का स्तर मॉनिटरों में दिखाए जा रहे आंकड़ों से कहीं ज्यादा था।

आखिर यह फर्क क्यों था? इसे जानने से पहले यह समझना होगा कि वायु गुणवत्ता सूचकांक की गणना कैसे की जाती है? आखिर इसी पर तो हम प्रदूषण से जंग की अपनी रणनीति बनाते हैं। मान लीजिए कि वायु गुणवत्ता सूचकांक एक नापने वाला फीता है, जिसकी लंबाई शून्य से 500 मीटर तक है। अब इस फीते में सूचकांक जितना ज्यादा होगा, तय है कि वायु प्रदूषण उतना ही ज्यादा होगा और हमारी सेहत के लिए खतरनाक भी। अपने देश में इस सूचकांक की गणना पांच प्रदूषकों की मात्रा के आधार पर की जाती है- पीएम 10, पीएम 2.5, ओजोन, नाइट्रोजन डाई-ऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड। अब अगर वायु गुणवत्ता का सर्वोच्च सूचकांक 500 तक हो और आंकड़ा इससे पार चला जाए, तो फिर क्या होगा? उसकी गणना कैसे होगी? केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, ठीक इसी स्थिति से इस महीने की शुरुआत में दिल्ली दो-चार हुई थी, जब पीएम-10 का स्तर 1990 ग्राम प्रति घनमीटर को पार कर गया था। जाहिर है, दिल्ली की आबोहवा जहरीली बन गई थी। हालांकि हम यह जानते थे कि स्थिति हाथ से निकल रही है, पर कितनी, मॉनिटर हमें यह नहीं बता रहा था।

सरकार के उठाए गए कदमों से तो यही पता चलता है कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों और विज्ञान के बीच कोई व्यावहारिक तालमेल कायम करने में हम अब तक विफल ही रहे हैं।
यह ये बताने के लिए अपने आप में पर्याप्त है कि वायु प्रदूषण से लड़ने को लेकर हम कितने गंभीर हैं। इतना ही नहीं, ट्रिब्यूनल की सुनवाई में जब अधिकारियों से पूछा गया कि दिल्ली सरकार ने सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला किस आधार पर लिया था, तो उनका जवाब था, ‘यह आदेश शिक्षा मंत्रालय की तरफ से आया था, हमें नहीं पता कि इसका आधार क्या था?’

खैर, दिल्ली एनसीआर की आबोहवा कितनी खराब हो चुकी है, यह बताने की जरूरत नहीं। अभी हमारा सारा ध्यान काले धन और नोटबंदी पर है, मगर वायु प्रदूषण का खतरा कम नहीं हुआ है। सर्दी और प्रदूषण के लिहाज से सबसे खतरनाक महीने हमारा इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में, क्या हम वायु प्रदूषण के खिलाफ भी उतने ही गंभीर हो सकते हैं, जितने काले धन और भ्रष्टाचार को लेकर हुए हैं? यह सच है कि जब तक कानूनी तौर पर बाध्यकारी कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक हमारी सेहत सुरक्षित नहीं है। लिहाजा, घरों से बाहर निकलिए और वायु प्रदूषण के खिलाफ जंग छेड़ने के लिए अपने नीति-नियंताओं को बाध्य कीजिए। ऐसा आपको जरूर करना चाहिए। ऐसा मेरा मानना है। कहीं बहुत देर ना हो जाए। जिदंगी है तो सबकुछ है। प्रदूषण से मुक्ति के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो जहरीली हवा मौत के रूप में हमारा इंतजार कर रही है।
   

Friday, December 2, 2016

सफलता की सीढी है समय प्रबंधन


अजय शर्मा
अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण जी ने कहा है कि टाइम इज मनी। यह वाक्य बहुत सोचने पर मजबूर करता है। इसकी गहराई वही समझ सकता है जो इस पर चिंतन करे, मनन करंे कि समय का मोल क्या है। आखिरकार आचार्य श्री इस पर बल क्यों दिया। वो क्या कहना चाहते हैं। जो मैं समझ पाया वो सिर्फ इतना ही, कि आचार्य श्री महाश्रमण जी समय के प्रबंधन और सदुपयोग को लेकर लोगों को जागरूक करना चाहते हैं। वे बताना चाहते हैं कि टाइम वंस गोन नेवर रिटर्न। जो व्यक्ति समय का मोल नहीं समझता, इसके साथ खिलवाड़ करता है।  जीवन में यह सोच कर चलता है, होता है, चलता है, कर लूंगा, हो जाएगा। अभी बहुत वक्त है। ऐसे लोग अपनी जिदंगी में बहुत पीछे रह जाते हैं। ऐसे लोगों को सफलताएं नहीं मिल पाती हैं। इसलिए जीवन में टाइम मेनेजमेंट बहुत जरूरी है।

प्रत्येक व्यक्ति चाहे वह जीवन में सफल हो अथवा असफल, सभी को पूरे दिन में सिर्फ चैबीस घंटे ही मिलते हैं। समय के मामले में भगवान और व्यवस्था किसी के साथ भेदभाव नहीं करते। यह व्यक्ति की प्रतिभा और सोच पर निर्भर करता है कि वह समय का समुचित उपयोग करके उसका फायदा कैसे उठाए और अपने आपको सफल बनाए। यदि हम समय का सदुपयोग कर उसे अपने लक्ष्य को पाने में करते हैं तो ऐसा कोई कारण नहीं बनता, जिससे आपको जीवन में सफलता न मिले।

बड़े कामों की सूची बनाएं
अक्सर देखा जाता है कि समय का उन लोगों के लिए कोई महत्व नहीं होता, जिनके जीवन का कोई निर्धारित लक्ष्य होता। इसीलिए वे जो जैसा मिलता है, करते चले जाते हैं और इस तरह से उनका मूल्यवान समय व्यर्थ में व्यतीत होता चला जाता है। इसीलिए अनुभवी लोग कहते हैं कि यदि आप अपने कामों की सूची बना कर काम करते हैं तो आपको व्यर्थ में समय गंवाने का कोई समय ही नहीं मिलेगा।

समय का निर्धारण करें और उसकी समीक्षा करें
समय निर्धारित करने से काम के प्रति एक प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी आती है। मुझे याद है जब ऐश्वर्या राय विश्व सुंदरी बनी थीं, तब निर्णायक मंडल के सदस्यों ने उनसे पूछा था-आप अपने सपने को समय के अनुकूल कैसे बनाएंगी। ऐश्वर्या ने अंग्रेजी कवि डब्लू. बी. यीट्स के शब्दों का उल्लेख करते हुए कहा था, सपनों से उत्तरदायित्व आते हैं और उत्तरदायित्व से समय के मूल्य का पता चलता है।

अनावश्यक कार्यों में अपना समय बर्बाद न करें
आपने सुना होगा कि खाली दिमाग शैतान का घर होता है। जब आपके पास कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं होती तो आप समय के महत्व को पहचान नहीं पाते। इसलिए आप अपने बहुमूल्य समय को उल्टे-सीधे कामों में लगाते रहते हैं। ऐसे में आप कभी भी किसी को न नहीं कह पाते। जो भी आपको कोई काम करने के लिए बोलता है, आप तुरंत राजी हो जाते हैं, जबकि एक सफल व्यक्ति के पास हमेशा समय की कमी होती है।

अपनी कार्यों को आदत में तब्दील करें
छात्रों के सन्दर्भ में अक्सर देखा जाता है कि साल भर वे गंभीर नहीं होते और जैसे ही परीक्षा नजदीक आने लगती है, वे गंभीर होते चले जाते हैं। कारण कि सालभर तो वे कुछ पढ़ते नहीं और सब काम अंत में पूरा करना चाहते हैं, जो कभी हो नहीं पाता। इससे एक तो उनके दिमाग में अनावश्यक जोर पड़ता है और दूसरा वे तनाव का शिकार हो जाते हैं इसी काम को यदि वे अपनी आदत बना कर रोज दो-तीन घंटे में बांट दें तो एक तो न उन्हें अनावश्यक तनाव का सामना करना पड़ेगा और दूसरा, उन्हें अपने काम में असफलता भी नहीं मिलेगी।


डिजिटल मीडिया का उपयोग सकारात्मक कार्यों के लिए करें
हाल ही में आई एक रिसर्च के अनुसार एक औसत युवा आज की तारीख में दो से तीन घंटे इंटरनेट, मोबाइल और सोशल मीडिया में गुजारता है। इससे एक तो उसका बहुत समय बर्बाद होता है, दूसरा उसे कई प्रकार की शारीरिक और मानसिक बीमारियों का शिकार होना पड़ता है।

ऐसे में यदि वह इन सब का उपयोग सूचना और ज्ञान प्राप्त करने में करे तो एक साथ दो काम हो सकते हैं। और उसे किसी प्रकार की समस्या का सामना भी नहीं करना पड़ेगा।
छोटी-छोटी सफलताओं को सेलिब्रेट करें और उनका आनंद उठाएं
आजकल देखा यह जा रहा है कि हम अपनी खुशियों का इजहार भी सबके सामने नहीं करते और अंदर ही अंदर संकुचित होते चले जा रहे हैं। इससे आपका वही हाल होता चला जाता है कि जंगल में मोर नाचा किसने देखा। ऐसी स्थिति में यदि आप अपनी सफलताओं को सबके साथ साझा करेंगे तो इससे आपको दो फायदे होंगे। पहला तो आपके काम को प्रोत्साहन मिलेगा और लोग आपसे जुड़ते चले जायेंगे। दूसरा आपके भीतर ही भीतर एक ऐसे आत्मविश्वास का संचार होता चला जायेगा कि आप बड़े से बड़ा काम करने में भी नहीं हिचकिचाएंगे।
महत्वपूर्ण काम पहले करें
एक अध्ययन से यह बात सामने आई कि बहुत परिश्रम से किया गया कार्य जरूरी नहीं कि प्रभावी भी हो। प्रभावी वही कार्य होता है, जिसे पूरी तन्मयता और सबसे महत्वपूर्ण कार्य के रूप में किया जाता है। यदि कोई व्यक्ति अपने कामों की सूची बनाता है तो उसे यह पता होता है कि क्या महत्वपूर्ण है।
यदि आप इन छोटे छोटे टिप्स को अपने जीवन में अपना लें, तो जीवन में सफलता निश्चित है।

बिन मांगे सलाह देना मूर्खता है.............................

इससे पहले कि आप कहें, ‘आप क्यों ज्ञान दे रहे हैं?’ मैं सॉरी कहते हुए अपनी बात शुरू करत हूं। दरअसल, आपकी तरह मैं भी खुद को सलाह देने के आकर्षण से मुक्त नहीं कर पाती। और फिलहाल सलाह यह है कि हमें बेवजह सलाह देना बंद कर देना चाहिए। सलाह चीज ही ऐसी है, जिसे हम देना पसंद करते हैं, पर लेना नहीं। सोचकर क्या वाकई हंसी नहीं आती कि हमारी अपनी समस्याएं दूसरों की सलाह का मुंह ताक रही होती हैं, पर दूसरों के लिए हम कहीं से भी हल

खोज लेते हैं। कम से कम सलाह देने के शौकीनों को यही लगता है कि वही करना सही रहेगा, जो वे कह रहे हैं। फिर इससे फर्क नहीं पड़ता कि आप दूसरे व्यक्ति या उसकी स्थितियों को कितना जानते हैं? ऐसे ज्ञानियों के सामने ओलंपिक में पदक जीतीं पीवी सिंधु या फिर साक्षी मलिक खड़ी हों तो वे उन्हें भी कह सकते हैं कि फलां फलां स्मैश खेला होता या वैसी पटकनी दी होती तो गोल्ड मैडल हम जीत जाते।
रिलेशनशिप एक्सपर्ट कहते हैं, दूसरों के टाइमजोन का ध्यान न रखना, सही सलाह को भी बेकार कर देता है। मतभेद होता ही तभी है जब हमारे अनुभव और योग्यता दूसरों के टाइमजोन में प्रवेश करके उन्हें बदलने की कोशिश करते हैं। रवींद्रनाथ टैगोर कहते हैं, ‘दूसरों को अपने ज्ञान की सीमाओं मे कैद न करें। वे अलग समय में पैदा हुए हैं।’ यही कारण है कि हम जितनी कोशिश दूसरों की निजी सोच को बदलने की करते हैं, वे उतना ही अपनी आजादी को बचाने में जुट जाते हैं। फिर चाहे बड़े हों या बच्चे।

परेशानी में जब कोई अपना हो
प्रश्न हो सकता है कि जब कोई अपना ही तकलीफ में हो तो कैसे चुप रहे? खासकर जब आपकी सलाह वाकई मदद कर सकती है। लेखक रॉबर्ट बोल्टन अपनी पुस्तक ‘पीपुल स्किल्स’ में लिखते हैं, ‘बहुत कम लोग ये जानते हैं कि ज्यादा सलाह देना, आपसी रिश्तों के बीच रोड़ा बन जाता है। अनजाने ही हम दूसरों को यह संदेश पहुंचा रहे होते हैं कि वे खुद कुछ नहीं कर सकते। या फिर उनकी समस्या इतनी बड़ी नहीं है। अधिकतर मौकों पर जरूरत होती है कि हम अपना मुंह बंद रखें और दिल के कानों को खोल लें।’ यूं भी किसी ने कोई अपना करीबी खोया है या फिर वह बीमार है या उसका सब खत्म हो गया है तो उसको सलाह
भी दें तो क्या? वैसे कुछ सलाह के शौकीनों को यह चिंता भी सताती है कि अगर वह कोई समाधान न दे सके तो उनकी छवि खराब हो जाएगी। लीडरशिप एक्सपर्ट एल्डो सिविको कहते हैं कि अधिकतर समय

समाधान देने की जरूरत ही नहीं होती। खासकर भावनात्मक मामलों में दूसरों को केवल उस जगह की जरूरत होती है, जहां वे खुलकर अपनी बात रख सकें।
यूं सलाह देने में बुराई नहीं है। समस्या तब होती है, जब हम सोचते हैं कि सामने वाले उसे मानें भी। और जब कोई नहीं मानता तो हम दुखी हो जाते हैं। हमारे अहं को ठेस लगती है। पर कर्म सिद्धांत पर विश्वास रखने वाले जानते हैं कि दूसरों की यात्रा में आप सलाह के साथी हो सकते है, उनके कर्म के नहीं।

सलाह का सलीका
- ध्यान से बात सुनें। तुरंत प्रतिक्रिया या समाधान देने की कोशिश न करें। उनकी बात से जुड़े प्रश्न पूछें।
- मुफ्त की चीज की कद्र नहीं होती। सलाह के साथ भी ऐसा ही है। मांगे जाने पर ही सलाह दें।
- सलाह देने से पहले पूछ लें।
- यह अपेक्षा न रखें कि सलाह मानी ही जाए।
- अपनी सीमाओं का ध्यान रखें। हालात और मौके को देखकर बात करें। बातचीत में ईमानदार रहें।

जीवन में विचारशील बनें


विचारशील होने से मतलब है कि दूसरों के बारे में सोचने का समय निकालें। विचारशील होना, दयालु होना, दूसरों की देखभाल करना कुछ ऐसे गुण हैं। जिनके जरिये आप दूसरों की काफी मदद कर सकते हैं। विचारशील होना आपको जिंदगी में इतना आगे ले जा सकता है कि काॅलेज की पढ़ाई या कोई प्रोफेशनल डिग्री भी शायद ही दे पाये।

स्किल डिवेलपमेंट
कौशल विकास अर्थात् व्यवहार कुशलता। आप दूसरों से कैसा व्यवहार करते हैं और उनके बारे में क्या सोचते हैं, इससे पता चलता है कि आप कैसे हैं। दयालु होना और दूसरों की मदद करना आपकी जिंदगी में बड़ा फर्क ला सकता है। दूसरों के साथ असभ्य व्यवहार करने वाले कई लोग हैं। कई लोगों को इसका अहसास भी नहीं होता है, वे दूसरों को होने वाली भावनात्मक तकलीफ के बारे में सोचते भी नहीं हंै। हम कुछ ऐसी बातें बता रहे हैं, जो आपको दूसरों के प्रति विचारशील बनने में मदद करेंगी।

दूसरों की जरूरतों का अनुमान लगाये
विचारशील होने का एक मतलब यह भी है कि आप लोगों की जरूरतों का पूर्वानुमान लगायें कि उन्हंे किस तरह की मदद की जरूरत होगी। यदि आप अपने सहयोगियों के साथ लंच के लिए बाहर जा रहे हैं तो पर्याप्त मात्रा में नैपकिन साथ में रख लें, इसकी सभी को जरूरत होगी। यदि आप जानती हैं कि आपके पति देव रात में आॅफिस से देर से आने वाले हैं तो उनके लिए फ्रिज में खाना रख दें। इस तरह लोगों की जरूरतों पर नजर रखें, बल्कि तब जबकि उन्हें खुद इन जरूरतों का अह्सास न हो, तो ये चीजें आपको सही रूप में विचारशील बनाएंगी।

सावधानी से बोलें
यदि आप विचारशील होना चाहते हैं तो हमेशा अपने शब्दों पर ध्यान दें। आपको यह पता होना चाहिये कि आप अपनी बात दूसरों तक पहुंचाने के लिए किन शब्दों का प्रयोग करें। यदि आप चाहते हंै कि लोग आपकी बातें सुनें और आपके बारे में अच्छा महसूस करें, तो बोलने से पहले सावधानी से अपने शब्दों के बारे में सोचें, फिर अपनी बात कहें। इस तरह आप कोई नकारात्मक बात भी नरम लहजे में कह सकते हैं और किसी की तारीफ भी अच्छे तरीके से कर सकते हैं। अतः यह बात याद रखना जरूरी है कि शब्द बहुत महत्त्वपूर्ण होते हैं तथा उनके प्रयोग की शैली भी।

विनम्र बनें
विचारशील बनने के लिये विनम्र होना बहुत जरूरी है। विनम्र होने से मतलब है कि अपने आस पास के लोगों को ठेस पहुंचाये बिना अपनी बात कहना। इससे यह मतलब नहीं है कि आप झूठ बोलें, बल्कि चतुराई से विनम्र शब्दों में आलोचना किये बिना अपनी राय प्रकट कर सकते हैं। अपना संदेश बिना किसी को ठेस पहुंचाये, सब लोगों तक पहुंचाना ही विचारशील है। इसके लिए आपको एक अच्छा श्रोता होना भी जरूरी है, ताकि आप आस पास के लोगों के बारे में जागरूक रहें और समय आने पर सही तरह से जवाब दे सकें।

दयालुता वाले काम करें
विचारशील व्यक्ति को दयालुता से ही पेश आना है। केवल लोगों के बारे में जानना और सोचना या सहानुभूति प्रकट करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरत के वक्त उनकी मदद करना भी बेहद जरूरी है। इसके लिए आप एस.ओ.एस जैसी संस्थाओं को आर्थिक सहयोग भेज सकते हैं, या मुसीबत में फंसे इंसान की मदद कर सकते हैं।

सार्वजनिक स्थल पर जागरूक रहें
आस-पास के बारे में सजग रहें, विशेषतः पब्लिक प्लेस पर। बाहर आपका व्यवहार कैसा होता है, सोचंे और जाने कि उस पर दूसरों की क्या प्रतिक्रिया होती है। जहां हर कोई पढ़ाई में लगा हो जैसे सार्वजनिक पुस्तकालय अथवा काॅफी हाऊस। जहां आप अपने मित्र के साथ जोर-जोर से बात कर रहे हैं। तो आपका व्यवहार दूसरों को पागलपन लगेगा।

दूसरों की आर्थिक स्थिति के बारे में सोचे
अपने किसी दोस्त को पार्टी देने से पहले उसकी आर्थिक स्थिति के बारे में सोचें। यदि आप अपने सामान्य स्थिति के दोस्त को मंहगे होटल में ट्रीट देते हैं तो वह असहज महसूस करेगा क्योंकि वह इतना महंगा होटल अफोर्ड नहीं कर सकता।

खुद को दूसरों की जगह रखकर देखो
अपने दोस्त, सहयोगी या टीचर पर आरोप मत लगाओ, किसी को भी कुछ अटपटे या अनुचित शब्द कहने से पूर्व यह सोचें कि यदि आप उनकी जगह होते और वे आप पर इस तरह रिएक्ट करते तो आपको कैसा लगता।

विचारशील लोगों की आदतें
1. वे हमेशा दूसरों के प्रति सहानुभूति रखते हैं।
2. मुस्कुराते हुये सबसे मिलते हैं।
3. दूसरों की जरूरतों का हमेशा ध्यान रखते हैं।
4. शिष्टाचारी होते हैं
5. दूसरों को अपने से आगे रखते हैं, सम्मान देते हैं।
6. धैर्यवादी होते हैं, भले ही उन्हें इंतजार करना अच्छा न लगे।
7. अगर उनकी गलती हो तो माफी मांगने में हिचकते नहीं।



महात्मा गांधीजी के अनमोल विचार





1 विश्वास करना एक गुण है, अविश्वास दुर्बलता कि जननी है।

2 अपने प्रयोजन में द्रढ विश्वास रखने वाला एक सूक्ष्म शरीर इतिहास के रुख को बदल सकता है।

3 शांति का कोई रास्ता नहीं है, केवल शांति है।

4 आँख के बदले में आँख पूरे विश्व को अँधा बना देगी।

5 जो समय बचाते हैं, वे धन बचाते हैं और बचाया हुआ धन, कमाएं हुए धन के बराबर है।
 6 केवल प्रसन्नता ही एकमात्र इत्र है, जिसे आप दुसरो पर छिड़के तो उसकी कुछ बुँदे अवश्य ही आप पर भी पड़ती है।

7 विश्वास को हमेशा तर्क से तौलना चाहिए. जब विश्वास अँधा हो जाता है तो मर जाता है।

 8 पहले वो आप पर ध्यान नहीं देंगे, फिर वो आप पर हँसेंगे, फिर वो आप से लड़ेंगे, और तब आप जीत जायेंगे।
 9 व्यक्ति की पहचान उसके कपड़ों से नहीं अपितु उसके चरित्र से आंकी जाती है।
10 खुशी तब मिलेगी जब आप जो सोचते हैं, जो कहते हैं और जो करते हैं, सामंजस्य में हों।
11 मौन सबसे सशक्त भाषण है, धीरे-धीरे दुनिया आपको सुनेगी।
12 सत्य एक विशाल वृक्ष है, उसकी ज्यों-ज्यों सेवा की जाती है, त्यों-त्यों उसमे अनेक फल आते हुए नजर आते है, उनका अंत ही नहीं होता।
13 विश्व के सभी धर्म, भले ही और चीजों में अंतर रखते हों, लेकिन सभी इस बात पर एकमत हैं कि दुनिया में कुछ नहीं बस सत्य जीवित रहता है।

14 कोई त्रुटी तर्क-वितर्क करने से सत्य नहीं बन सकती और ना ही कोई सत्य इसलिए त्रुटी नहीं बन सकता है क्योंकि कोई उसे देख नहीं रहा।

 15  क्रोध और असहिष्णुता सही समझ के दुश्मन हैं।

16 पूंजी अपने-आप में बुरी नहीं है, उसके गलत उपयोग में ही बुराई है। किसी ना किसी रूप में पूंजी की आवश्यकता हमेशा रहेगी।

17 अपनी गलती को स्वीकारना झाड़ू लगाने के सामान है जो धरातल की सतह को चमकदार और साफ कर देती है।
18 निरंतर विकास जीवन का नियम है, और जो व्यक्ति खुद को सही दिखाने  के लिए हमेशा अपनी रूढ़िवादिता को बरकरार रखने की कोशिश करता है वो खुद को गलत स्थिति में पंहुचा देता है।

19 यद्यपि आप अल्पमत में हों, पर सच तो सच है।

20 जो भी चाहे अपनी अंतरात्मा की आवाज सुन सकता है। वह सबके भीतर है।

 21 गर्व लक्ष्य को पाने के लिए किये  गए प्रयत्न में निहित है, ना कि उसे पाने में।

22 मैं मरने के लिए तैयार हूँ, पर ऐसी कोई वजह नहीं है जिसके लिए मैं मारने को तैयार हूँ।

23 मैं सभी की समानता में विश्वास रखता हूँ, सिवाय पत्रकारों और फोटोग्राफरों के।

 24 सत्य बिना जन समर्थन के भी खड़ा रहता है, वह आत्मनिर्भर है।

 25 सत्य कभी ऐसे कारण को क्षति नहीं पहुंचाता जो उचित हो।

 26 मेरा धर्म सत्य और अहिंसा पर आधारित है। सत्य मेरा भगवान है, अहिंसा उसे पाने का साधन।

27 मेरा जीवन मेरा सन्देश है।

 28 जहाँ प्रेम है वहां जीवन है।

29 ऐसे जियो जैसे कि तुम कल मरने वाले हो। ऐसे सीखो की तुम हमेशा के लिए जीने वाले हो।

फनवजम 30रू जब मैं निराश होता हूँ, मैं याद कर लेता हूँ कि समस्त इतिहास के दौरान सत्य और प्रेम के मार्ग की ही हमेशा विजय होती है। कितने ही तानाशाह और हत्यारे हुए हैं, और कुछ समय के लिए वो अजेय लग सकते  हैं, लेकिन अंत में उनका पतन होता है। इसके बारे में सोचो- हमेशा।


मनुष्य को पशु से अलग करती है अहिंसा


महात्मा गाँधी कहते हैं कि एकमात्र वस्तु जो हमें पशु से भिन्न करती है वह है अहिंसा। व्यक्ति हिंसक है तो फिर वह पशुवत है। मानव होने या बनने के लिए अहिंसा का भाव होना आवश्यक है।

गाँधी जी कहते हैं कि हमारा समाजवाद अथवा साम्यवाद अहिंसा पर आधारित होना चाहिए जिसमें मालिक-मजदूर एवं जमींदार-किसान के मध्य परस्पर सद्भावपूर्ण सहयोग हो। निरूशस्त्र अहिंसा की शक्ति किसी भी परिस्थिति में सशस्त्र शक्ति से सर्वश्रेष्ठ होगी। सच्ची अहिंसा मृत्युशैया पर भी मुस्कराती रहेगी। बहादुरी, निर्भीकता, स्पष्टता, सत्यनिष्ठा, इस हद तक बढ़ा लेना कि तीर-तलवार उसके आगे तुच्छ जान पड़ें, यही अहिंसा की साधना है। शरीर की नश्वरता को समझते हुए, उसके न रहने का अवसर आने पर विचलित न होना अहिंसा है।

अहिंसा की पहचान
भगवान महावीर, भगवान बुद्ध और महात्मा गाँधी की अहिंसा की धारणाएँ अलग-अलग थी। फिर भी वेद, महावीर और बुद्ध की अहिंसा से महात्मा गाँधी प्रेरित थे। हम जब भी अहिंसा की बात करते हैं तो अक्सर यह खयाल आता है कि किसी को शारीरिक या मानसिक दुख न पहुँचाना अहिंसा है। मन, वचन और कर्म से किसी की हिंसा न करना अहिंसा कहा जाता है। यहाँ तक कि वाणी भी कठोर नहीं होनी चाहिए। फिर भी अहिंसा का इससे कहीं ज्यादा गहरा अर्थ है।

शांति का आधार अहिंसा
योग और जैन दर्शन कहता है कि अहिंसा की साधना से बैर भाव निकल जाता है। बैर भाव के जाने से काम, क्रोध आदि वृत्तियों का निरोध होता है। वृत्तियों के निरोध से शरीर निरोगी बनता है। मन में शांति और आनंद का अनुभव होता है। सभी को मित्रवत समझने की दृष्टि बढ़ती है। सही और गलत में भेद करने की ताकत आती है। यह सब कुछ मन में शांति लाता है।

परपीड़क और स्वपीड़क न बने
खुद के और दूसरे के बारे में हिंसा का विचार भी न लाने से चित्त में स्थिरता आती है। परपीड़क और स्वपीड़क न बने। ऐसा सोचने और करने से सकारात्मक ऊर्जा का जन्म होता है। सकारात्मक उर्जा से आपके आस-पास का माहौल भी खुशनुमा होने लगता है। यह खुशनुमा माहौल ही जीवन में किसी प्रकार का कोई कष्ट नहीं होने देता। यही आपकी सफलता का आधार है। इसी से आपके रिश्ते-नाते कायम रहेंगे। अहिंसा से ही स्वयं को स्वयं की देह, मन और बुद्धि के सारे क्रिया-कलापों से उपजे दुखों से स्वतंत्रता मिलेगी।

अहिंसा यात्रा

असम पिछले पांच दशक से बोडो-गैर बोडो, बांग्लादेशी मुसलमान घुसपैठिये, बांग्लादेशी शरणार्थियों की वजह से जातीय संघर्ष, दंगा और नर संहार के लिए वैश्विक स्तर पर चर्चा का मुददा रहा है। इन दंगात्मक हिंसा में मासूम बच्चों और महिलाओं को क्रूरतापूर्ण तरीके से मौत के घाट उतार दिया गया। लेकिन पिछले कुछ सालों में असम में स्थानीय संथाल आदिवासियों को भी निशाना बनाया गया है। विद्रोहियों या फिर यूं कहें कि दंगाइयों ने इन लोगों को घर में घुसकर गालियों से भून दिया, घरों में आग लगा दी और कहीं कहीं पर घर से बाहर निकाल कर गोली मार दी। इस सब की वजह उघोग-धंधे, नौकरी, शिक्षा नहीं है बल्कि इसके गर्भ में कारण कुछ और हैं।
ऐसा असम, जहां की जमीन हिंसा से रक्तरंजित हो, जहां की आबोहवा बेगुनाहों और मासूमों की चीख पुकार से गुंजायमान रही हो। उस धरती पर अहिंसा के दूत अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण की अहिंसा यात्रा अपने आप में काफी मायने रखती है।

आकड़ों के मुताबिक सन् 2012 से लेकर 2015 तक लगभग 400 गांव के तकरीबन  2 लाख लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। रेल यातायात क्षतिग्रस्त कर दिया गया। यहां तक कि प्रशासनिक अघिकारियों को भी नहीं बख्शा गया।

मैं आपको बताना चाहूंगा कि आचार्य श्री की यह अहिंसा यात्रा सन 2014 में 9 नवंबर को दिल्ली के लाल किले से प्रारंभ हुई थी। लगभग 10,000 हजार किलोमीटर की यह पदयात्रा नेपाल, भूटान और हिन्दुस्तान के विभिन्न राज्यों से होते हुए असम पहुंची है। इस अहिंसा यात्रा का एक मात्र उददेश्य असम के निवासियों में शांति और अहिंसा का सूत्रपात करना है। मैं यहां पर भारत के चक्रवर्ती सम्राट अशोक के कलिंग युद्ध के बाद हृदय परिवर्तन के बाद अहिंसा और शांति को अपनाते हुए एक सशक्त शांतिपूर्ण राष्ट निर्माण का जिक्र करूंगा, और उसमें भगवान बुद्ध के उपदेशों और सिद्धांतों की कितनी बड़ी भूमिका थी। यह किसी से छिपा नहीं है।    
यहां असम की हिंसा और रक्तपात को समझने के लिए थोड़ा सा इसके इतिहास में झांकना पड़ेगा। आखिरकार क्यों असम हिंसा और रक्तपात में नहाया हुआ है। क्यों वहां पर शांति के फूल खिलाने की आवश्यकता है।
क्या है वजह हिंसा की
उन्नीसवीं सदी और खासतौर पर आज़ादी बाद यह क्षेत्र खास तरह के राजनीतिक पुनर्जागरण के दौर से गुज़रा, जिसने असम लोगों में अपनी भाषा, संस्कृति, साहित्य, लोक कला और संगीत के प्रति गर्व की भावना पैदा की। राज्य की सांस्कृतिक, भाषाई और धार्मिक विविधता को देखते हए यह एक जटिल प्रक्रिया थी। एकीकृत असमिया संस्कृति की तरफ़दारी करने वाले बहुत से लोगों का यह भी मानना रहा है कि आदिवासी इलाकों को अलग से विशेष अधिकार देकर या मेघालय, मिजोरम, नगालैण्ड और अरुणाचल प्रदेश जैसे अलग राज्यों को निर्माण करके केंद्र सरकार ने एक व्यापक असमिया पहचान के निर्माण में रुकावट डालने का काम किया।  इसीलिए असम के युवाओं में केंद्र के प्रति एक नकारात्मकता और आक्रोश की भावना रही है।



गौरतलब है कि पचास के दशक से ही गैर-कानूनी रूप से बाहरी लोगों का असम में आना एक राजनीतिक मुद्दा बनने लगा था, लेकिन 1979 में यह एक प्रमुख मुद्दे के रूप में सामने आया। जब बड़ी संख्या में बांग्लादेश से आने वाले लोगों को राज्य की मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया। 1978 में मांगलोडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद की मृत्यु के बाद उपचुनाव की घोषणा हुई। चुनाव अधिकारी ने पाया कि मतदाताओं की संख्या में अचानक ज़बरदस्त इज़ाफ़ा हो गया है। इसने स्थानीय स्तर पर लोगों में आक्रोश पैदा किया। यह माना गया कि बाहरी लोगों, विशेष रूप से बांग्लादेशियों के आने के कारण ही इस क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या में ज़बरदस्त बढ़ोतरी हुई है। ऑल असम स्टूडेंट यूनियन (आसू) और क्षेत्रीय राजनीतिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक संगठनों से मिलकर बनी असम गण संग्राम परिषद ने बहिरागतों के खिलाफ़ आंदोलन छेड़ दिया। ध्यान दें कि एक छात्र संगठन के रूप में आसू अंग्रेज़ों के ज़माने से ही अस्तित्व में था। उस समय उसका नाम था अहोम छात्र सम्मिलन। लेकिन 1940 में यह संगठन विभाजित हुआ और 1967 में इन दोनों धड़ों का फिर से विलय हो गया और संगठन का नाम ऑल असम स्टूडेंट्स एसोसिएशन रखा गया। लेकिन फिर इसका नाम बदलकर ऑल असम स्टूडेंट यूनियन या आसू कर दिया गया।

आसू द्वारा चलाये गये आंदोलन को असमिया भाषा बोलने वाले हिंदुओं, मुसलिमों और बहुत से बंगालियों ने भी खुल कर समर्थन दिया। आंदोलन के नेताओं ने यह दावा किया कि राज्य की जनसंख्या का 31 से 34 प्रतिशत भाग बाहर से ग़ैर-कानूनी रूप से आये लोगों का है। उन्होंने केंद्र सरकार से माँग की कि वह बाहरी लोगों को असम आने से रोकने के लिए यहाँ की सीमाओं को सील कर दे, ग़ैर-कानूनी बाहरी लोगों की पहचान करे और उनके नाम को मतदाता सूची से हटाये और जब तक ऐसा न हो असम में कोई चुनाव न कराये। आंदोलन ने यह माँग भी रखी कि 1961 के बाद राज्य में आने वाले लोगों को उनके मूल राज्य में वापस भेजा जाए या कहीं दूसरी जगह बसाया जाए। इस आंदोलन को इतना ज़ोरदार समर्थन मिला कि 1984 में यहाँ के सोलह संसदीय क्षेत्रों से 14 संसदीय क्षेत्रों में चुनाव नहीं हो पाया। 1979 से 1985 के बीच राज्य में राजनीतिक अस्थिरता रही। इसी दौरान राष्ट्रपति शासन भी लागू हुआ। लगातार आन्दोलन होते रहे और कई बार इन आंदोलनों ने हिंसक रूप अख्तियार किया। राज्य में अभूतपूर्व जातीय हिंसा की स्थिति पैदा हो गयी। लम्बे समय तक समझौता-वार्ता चलने के बावजूद आंदोलन के नेताओं और केंद्र सरकार के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी, क्योंकि यह बहुत ही जटिल मुद्दा था। यह तय करना आसान नहीं था कि कौन ‘बाहरी’ या विदेशी है और ऐसे लोगों को कहाँ भेजा जाना चाहिए।

केंद्र सरकार ने 1983 में असम में विधानसभा चुनाव कराने का फ़ैसला किया। लेकिन आंदोलन से जुड़े संगठनों ने इसका बहिष्कार किया। इन चुनावों में बहुत कम वोट डाले गये। जिन क्षेत्रों में असमिया भाषी लोगों का बहुमत था, वहाँ तीन प्रतिशत से भी कम वोट पड़े। राज्य में आदिवासी, भाषाई और साम्प्रदायिक पहचानों के नाम पर ज़बरदस्त हिंसा हुई, जिसमें तीन हज़ार से भी ज़्यादा लोग मारे गये। चुनावों के बाद कांग्रेस पार्टी की सरकार ज़रूर बनी, लेकिन इसे कोई लोकतांत्रिक वैधता हासिल नहीं थी। 1983 की हिंसा के बाद दोनों पक्षों में फिर से समझौता-वार्ता शुरू हुई। 15 अगस्त 1985 को केंद्र की राजीव गाँधी सरकार और आंदोलन के नेताओं के बीच समझौता हुआ, जिसे असम समझौते के नाम से जाना गया। इसके तहत 1951 से 1961 के बीच आये सभी लोगों को पूर्ण नागरिकता और वोट देने का अधिकार देने का फ़ैसला किया गया। तय किया कि जो लोग 1971 के बाद असम में आये थे, उन्हें वापस भेज दिया जाएगा। 1961 से 1971 के बीच आने वाले लोगों को वोट का अधिकार नहीं दिया गया, लेकिन उन्हें नागरिकता के अन्य सभी अधिकार दिये गये। असम के आर्थिक विकास के लिए पैकेज की भी घोषणा की गयी और यहाँ ऑयल रिफ़ाइनरी, पेपर मिल और तकनीक संस्थान स्थापित करने का फ़ैसला किया गया। केंद्र सरकार ने यह भी फ़ैसला किया कि वह असमिया-भाषी लोगों के सांस्कृतिक, सामाजिक और भाषाई पहचान की सुरक्षा के लिए विशेष कानून और प्रशासनिक उपाय करेगी। इसके बाद, इस समझौते के आधार पर मतदाता-सूची में संशोधन किया गया। विधानसभा को भंग करके 1985 में ही चुनाव कराए गये, जिसमें नवगठित असम गण परिषद को बहुमत मिला। पार्टी के नेता प्रफुल्ल कुमार महंत, जो कि आसू के अध्यक्ष भी थे, मुख्यमंत्री बने। उस समय उनकी उम्र केवल 32 वर्ष की थी। असम-समझौते से वहाँ लम्बे समय से चल रही राजनीतिक अस्थिरता का अंत हुआ। लेकिन 1985 के बाद भी यहाँ एक अलग बोडो राज्य के लिए आंदोलन चलता रहा। इसी तरह भारत से अलग होकर असमिया लोगों के लिए एक अलग राष्ट्र की माँग को लेकर उल्फा का सक्रिय, भूमिगत और हिंसक आंदोलन भी चलता रहा।


असम आंदोलन और असम समझौते के अनुभव से पता चलता है कि बाहरी लोगों को ग़ैर-कानूनी रूप से कहीं बसने से रोकना तो आवश्यक है, लेकिन एक बार जो बस गया उसे हटाना एक बहुत मुश्किल काम है। उल्लेखनीय है कि जिस मुद्दे को लेकर असम आंदोलन शुरू हुआ था, वह मुद्दा और उससे जुड़ी शिकायतें अभी तक पूरी तरह दूर नहीं हो पायी हैं। इसके अलावा असम के समाज में दूसरी पहचानों के प्रति असहिष्णुता की भावना बढ़ी है। ऐसा सिर्फ़ ‘मुसलमान बंगालियों’ के संदर्भ में ही नहीं हुआ है, बल्कि आदिवासी लोगों की मांगों के खिलाफ़ भी एक तरह की कट्टरता पनपी है। असम में हिंसा और हत्याओं के पीछे किसी तरह का कोई आर्थिक कारण नहीं रहा है। यह एक तरह का आतंक फैलाने का काम भर रहा है।

ऐसे हालातों वाले राज्य में पहली बार अहिंसा के दूत आचार्य श्री महाश्रमण अहिंसा यात्रा लेकर असम पहुंचे हैं। मौजूदा वक्त में आचार्यश्री गुवाहाटी में प्रवास कर रहे हैं। वे प्रतिदिन स्थानीय लोगों से मिलते हैं। और अहिंसा का संदेश देते हैं। उन्हें दिशा बोध देते हैं।

मुझे याद है 67वें अणुव्रत अधिवेशन के दौरान असम के पूर्व मुख्यमत्री प्रफुल मेहन्ता भी उनसे मिलने आए थे। और अक्तूबर मास में कांग्रेस के राष्टीय महासचिव राहुल गांधी ने भी आचार्य श्री से मुलाकात की।
इससे पहले असम विधान सभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुले मंच से आचार्य श्री के द्वारा शांति के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की थी। ऐसे में असम के स्थानीय निवासियों पर आचार्यश्री महाश्रमण की अहिंसा यात्रा का असर धीरे-धीरे दिखाई देने लगा है।
स्थानीय निवासी आचार्य श्री का खुले दिल से स्वागत कर रहे हैं। इसके पक्ष में मैं अपना एक संस्मरण आपके साथ साझा करना चाहता हूं।  




आपको याद दिलाना चाहूंगा कि असम के हिंसाग्रस्त इलाक़े का दौरा करने के बाद राजनाथ सिंह ने कहा था, “हम जानना चाहते हैं कि इन संगठनों के तार किससे जुड़े हुए हैं। हम इसे साधारण चरमपंथी कृत्य नहीं मान सकते। राज्य और केंद्र दोनों ही इससे उसी तरह निपटेंगे जिस तरह चरमपंथ से निपटा जाता है.“उन्होंने भूटान और म्यांमार के साथ भारतीय सीमा को ’सील’ करने की बात कही है लेकिन ये दुर्गम इलाक़ा है और ऐसा करना आसान नहीं होगा।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार राजनाथ ने कहा था कि यदि ज़रूरी हुआ तो नेशनल डेमोक्रेटिक फ़्रंट ऑफ़ बोडोलैंड से निपटने के लिए सैन्य सहायता मुहैया कराई जाएगी।
गृहमंत्री ने अलगाववादी संगठन से बातचीत की संभावना से इनकार किया है, “इस तरह के संगठनों से कोई बातचीत नहीं होगी। केवल कार्रवाई होगी। समयबद्ध कार्रवा

असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने हमेशा कहा है कि राज्य और केंद्र सरकार ऐसे किसी ग्रुप के आगे नहीं झुकेगी और उग्रवादियों से सख़्ती से निपटेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा, “सोनितपुर और कोकराझार में मासूमों को मारना कायरता है।“



 तीन मांगें थी पहली बोडो भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में सम्मिलित किया जाये। दूसरी बोडो जनजाति बहुल असम के चार जिलों को एक स्वायत्तशासी क्षेत्र बनाकर स्थानीय विकास का अवसर प्रदान करना। तीसरी उन तमाम युवक और युवतियों को मुख्य धारा में वापस लेना जो हथियार उठाकर बोडो आन्दोलन के नाम पर बागी हो गये थे।


असम में अहिंसा यात्रा के दौरान अब तक असम के पूर्व मुख्यमंत्री प्रफुल मेहन्ता से लेकर कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी तक उनसे भेंट कर चुके हैं। स्थानीय विधायक और जन प्रतिनिधियों ने भी उनका दिल से स्वागत किया है। इसलिए यह कहा जा सकता है कि गुरूदेव की अहिंसा यात्रा की मशाल असम में शांति और अहिंसा से समस्त समाज को आलोकित करेगी और प्राणियों में सदभावना का विकास होगा।

अणुव्रत क्या, क्यांे और किसलिए


अणुव्रत की चर्चा और ख्याति आज हिन्दुस्तान से लेकर विदेशों तक फैली हुई है। जो आंदोलन आचार्य तुलसी ने 1 मार्च 1949 यानि कि 67 साल पहले शुरू किया था। अब वह नौजवान हो चुका है। सर्वविदित है कि देशी विदेशी मीडिया भी इसकी प्रासंगिकता और सामाजिक सार्थकता को सराह रही है। जिसका श्रेय इसके प्रर्वतक, श्रावकों, संवाहकों और मुनियों को जाता है। जिन्होंने अणुव्रत आचार संहिता की मशाल जन जन तक पहुंचाने का काम किया है।

पिछले 67 सालों में अणुव्रत ने एक बहुत ही संघर्षपूर्ण लंबी यात्रा की है। इस यात्रा के दौरान देश की जनसंख्या के साथ साथ कई पीढ़ियां भी बदल गई। संसार के हालात और समस्याओं में भी बदलाव आया है। अणुव्रत आंदोलन को लेकर जन मानस में एक नई जिज्ञासा उत्पन्न हो रही है। खासकर आज की युवा पीढी में कि वह अणुव्रत आंदोलन के बारे में संपूर्ण जानकारी चाहती है। इसलिए इस विषय पर चिंतन किया गया और इस निष्कर्ष पहुंचा गया कि अपने में संपूर्ण जानकारी समेटे एक बुक प्रकाशित की जाए।  
अणुव्रत का नाम सुनते ही कुछ लोगों में एक जिज्ञासा उत्पन्न होती है कि आखिरकार अणुव्रत है क्याघ् अणुव्रत के मायने क्या हैंघ् जिज्ञासा का भाव उस वक्त और बढ़ जाता है जब श्अणुव्रत आंदोलनश् शब्द का इस्तेमाल किया जाता है।

सबसे पहले बात करते हैं अणुव्रत के अर्थ के बारे में
अणुव्रत का अर्थ है छोटे-छोटे संकल्प। अणुव्रत स्वस्थ समाज संरचना हेतु 11 सूत्रीय आचार संहिता है। अहिंसा, मानवीय एकता, सांप्रदायिक सौहार्द, प्रामाणिकता, साधन शुद्धि, व्यसन मुक्ति, चुनाव शुद्धि एवं पर्यावरण शुद्धि को केन्द्र में रखकर आचार्य तुलसी ने 11 सूत्रीय अणुव्रत आचार संहिता एवं वर्गीय अणुव्रत बनाये।
इस प्रकार स्पष्ट है कि अणुव्रत चरित्र प्रधान जीवन दर्शन, असाम्प्रदायिक धर्म एवं नैतिकता का राजमार्ग है, जो वर्तमान का मूल्यांकन कर समस्या-समाधान के सूत्र प्रस्तुत करता है। अणुव्रत इच्छाओं के अल्पीकरण और भोग के परिसीमन का संकल्प भी है।
अब प्रश्न यह उठता है कि अणुव्रत की नींव किन परिस्थतियों में और क्यों पड़ी। इसको समझने और जानने के लिए थोड़ा सा इतिहास में झांकना पड़ेगा।

बात उस वक्त की है जब हिन्दुस्तान 15 अगस्त 1947 में अग्रेजों की हुकूमत से आजाद हुआ था। हिन्दुस्तान पाकिस्तान के साथ बंटवारे की आग में जल रहा था। दोनों तरफ नफरत, बर्बरता, हिंसा और कत्लेआम चल रहा था। जमीनें रक्तरंजित थी। महिलाओं का अपहरण और बलात्कार, अबोध बच्चों की हत्या, क्या जवान और क्या बुर्जुग सभी हिंसा की बलिवेदी पर चढ़ रहे थे। यह वह दौर था जब सही को गलत से अलग करने का फर्क मिट चुका था। भाई भाई से लड़ रहे थे, एकता और संघ की भावना कहीं नहीं थी। इस सब की वजह के रूप में भाषा, नस्ल और धर्म की विवधिता को देखा और समझा जा रहा था। लोगों में राजनीतिक और सामाजिक चेतना की पहचान का अभाव था। आजादी से पहले के संघर्ष के दौरान क्रांतिकारी नेताओं गोखले, तिलक और महात्मा गांधी जैसे सरीखे नेताओं ने विभिन्न भाषा भाषी समुदायों, धार्मिक समूहों और जातियों के बीच पुल बनाने पर ज्यादा ध्यान दिया। हालांकि ये कोशिशें कभी पूरी तरफ से कामयाब नहीं हो पाईं। इसीलिए जब 1947 में आजादी मिली तो वह दो देशों हिन्दुस्तान और पाकिस्तान को मिली न की सिर्फ हिन्दुस्तान को।
आजादी तो मिली थी लेकिन इसके साथ ही मुल्क का बंटवारा भी हो गया था। पिछले बारह महीनों से हिन्दुस्तान लगातार हिंदू और मुसलमानों के बीच दंगों का गवाह रहा था। जो हिेसा कलकत्ता में 16 अगस्त 1946 को शुरू हुई और पूरे बंगाल के अदरूनी हिस्सों में मारकाट मची रही। इस दंगे ने बिहार, संयुक्त प्रांत और पंजाब को अपनी चपेट में ले लिया। पंजाब में तो यह हिंसा और नर संहार इतना भीषण रहा कि इसने पुराने सारे रिकार्ड तोड़ दिए थे। सन् 1946.47 के खून खराबे ने महात्मा गांधी को अंदर तक तोड़ दिया था। वह 77 साल का वृद्ध, कीचड़ और चट्टानों से भरे कठिन इलाकों में दंगा पीड़ितों को सांत्वना देता घूम रहा था। अपनी सात सप्ताह की यात्रा के दौरान गांधी जी ने 116 मील की यात्रा की, जिसमें ज्यादातर वे पैदल चले। उन्होंने करीब सौ जगह गांव वालो को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने बिहार और दिल्ली की यात्रा की। दस्तावेजों के मुताबिक 13 अगस्त 1947 को महात्मा जी कलकत्ता के मुस्लिम बाहुल्य इलाके बेलियाघाट में थे। सेना के दस्तावेजोें के मुताबिक कलकत्ता के दंगों का बदला नोआखली में लिया गया। नोआखली का बदला बिहार में, बिहार का बदला गढ़ मुक्तेश्वर में लिया गया और गढ़ मुक्तेश्वर का बदला

आंकड़ों के मुताबिक बंटवारे में एक करोड़ लोग इधर से उधर हुए। वे लोग कहीं बैलगाड़ी से, कभी टृेन से तो कभी पैदल ही अपना घरबार छोड़कर दूसरी जगह से जा रहे थे। कभी वे सेना की सुरक्षा में सफर करते तो कभी अपनी तकदीर या अपने ईश्वर पर यकीन करते। यह मानवीय इतिहास का सबसे बड़ा मानवीय विस्थापन था। ज्ञात इतिहास में इतने कम दिनों में किसी भी जगह इतने लोगों का शरणार्थियों के काफिलों के रूप में विस्थापन नहीं हुआ। एक प्रत्यक्षदर्शी पत्रकार के मुताबिक ..... उन्होंने गर्मी, बरसात, बाढ़ और पंजाब की कंपकपाने वाली ठंड की परवाह नहीं की। काफिले से उड़नेवाली धूल पूरे इलाके में छा गई और यह धूल लोगों के मन में व्याप्त भय और उनके शरीर से निकलने वाले पसीने से घुलमिल गई। वह धूल मानव मलमूत्र और सड़ती हुई लाशों के साथ मिल गई। जब नफरत का बादल छंटा और लाशों की गिनती की गई तो उसकी तादाद पांच लाख तक पहुंच गई थी, जो बंदूक की गोलियों से, तलवारों से, चाकूओं से, छुरियों से और अन्य महामारियों से मारे गए थे। सैकड़ों की संख्या में ऐसे लोग भी थे जो लूटे पिटे लोग थे जो अपने बर्बाद होते घरों और उजड़ते खेतों को देखकर सदमें में मर गए थे। ऐसी जिदंगी का क्या मतलब था जब जीने की तमाम वजहें खत्म हो जाए और इंसान जंगली बनने पर उतारू हो जाए। अपने सामने मार दिए गए छोटे छोटे बच्चों या कुएं में कूदकर जान दे चुके अपने प्रियजनों को देखने से बेहतर था कि वे खुद भी अपनी जिदंगी खत्म कर लें।

इतिहास साक्षी है कि 31 अगस्त को नोआखली और बेलियाघाटा में दंगे की दोबारा भड़की आग ने गांधी को फिर से झकझोर दिया। इसने फिर से देश को अपनी चपेट में ले लिया। गांधी फिर से उपवास पर चले गए। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक गांधी ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि अगर में कलकत्ता में शांति बहाल करवा सकता हूं। तो मुझे विश्वास है कि मैं पंजाब में भी ऐसा कर सकता हूं। लेकिन अगर मैं यहां आत्मविश्वास खो देता हूं तो मुझे मालूम है कि हिंसा की यह आग बहुत तेजी से फैल जाएगी। और फिर दो तीन विदेशी शक्तियां हमारे सिर पर सवार हो जाएगी। और हम हाल ही में मिले आजादी के सपने को खो बैंठेगे। यदि इसमें मेरी जान भी चली जाती है तो कम से कम मैं उस दिन को देखने के लिए जिंदा तो नहीं रहूंगा। लेकिन मैं अपने प्रयास से पीछे नहीं हटूंगा।

गांधी ने 2 सिंतबंर को उपवास शुरू किया और कुछ ही दिनों के अंदर हिंदू और मुसलमान गुंडे और असामाजिक तत्वों ने उनके पास जाकर हथियार जमा कर दिए। शहर में फिर से अमन चैन बहाल होने लगा। लार्ड माउंटबेटन ने कहा कि पंजाब में काम कर रहे 50,000 फौज के जवानों की तुलना में बंगाल में एक निहत्था आदमी ज्यादा प्रभावशाली साबित हुआ।

लेकिन इसके बाद दिल्ली के शरणार्थियों को भयमुक्त करने के लिए गांधी अस्पतालों और शरणार्थी शिवरों का दौरा करते रहे और लोगों को सांत्वना देते रहे। उन्होंने लोगों से अपील की, वे अतीत को भूल जाएं और शांति बहाल करने की दिशा में कदम उठाएं। उन्होंने सभी से दिल्ली में शांति बहाले करने की भीख तक मांगी।
इतिहासज्ञाताओं के मुताबिक 26 जनवरी 1948 को महात्मा गांधी ने एक प्रार्थना सभा में कहा कि बुरा दौर बीत चुका है और हिंन्दुस्तान के लोग साथ मिलकर सभी वर्गाें और मतों को मानने वालों की समानता के लिए काम करेंगे। उन्होंने यह उम्मीद भी जाहिर भी की कि देश में कभी भी बहुसंख्यक वर्ग का वर्चस्व अल्पसंख्यकों के उपर नहीं होने दिया जाएगा, चाहे वह संख्या और प्रभाव में कितने क्यों न हो। उन्होंने यह भी विश्वास जाहिर किया कि भौगोलिक और राजनीतिक रूप से भले ही हिन्दुस्तान का बंटवारा हो गया, लेकिन दिल से हम दोस्त और भाई ही बने रहेंगे। हम एक दूसरे की मदद और सम्मान करते रहेंगे। साथ ही हम बाहरी दुनिया के सामने हमेशा एक ही रहेंगे। एक आजाद और एकीकृत भारत के लिए उन्होंने ताजिदंगी संघर्ष किया। आखिर में उन्होंने धार्मिक दंगे फसाद, असहिष्णुता, कत्ले आम, नरसंहार और बंटवारा जैसी त्रासदी भी झेली।  लेकिन कुछ लोग इससे खासे नाराज थे। आखिरकार 30 जनवरी की एक शाम को एक प्रार्थना सभा में एक पूना के ब्राहमण युवक नाथूराम गोडसे ने उन्हंे तीन गोलियां मार दी। अहिंसा के अग्रदूत और मसीहा का अंत कर दिया गया। उस युवक पर मुकदमा चलाया गया लेकिन उसने अपने कृत्य को सही ठहराया। गांधी की मृत्यु से पूरा देश दुख के अथाह सागर में डूब गया।

इसके बाद फिर से धीरे धीरे हिंसा, सांप्रदायिक तनाव, अराजकता, अनैतिकता और असामाजिक प्रवृतियों ने फिर से सिर उठा लिए। राजनीतिक, सामाजिक, और आर्थिक अधिकारों की आवाज को लेकर विभिन्न संस्थाएं संगठित होने लगी। अधिकारों  की तीव्र लालसा में सेवा और त्याग की भावना की आधारशिला ही चरमरा गई। कर्तव्य का स्थान अधिकारों ने ले लिया। गांधी के बाद इस तरफ के वातावरण पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए थे जैन परंपरा के तेरापंथ संप्रदाय के नवमाधिपति आचार्य तुलसी। 1948, अक्टूबर माह की बात है जब कुछ प्रगतिशील युवकों को आचार्य तुलसी ने चर्चा करते हुए सुना कि आज के युग में कोई भी व्यक्ति प्रामाणिकता के सहारे नहीं जी सकता, धार्मिक उपदेश अपने स्थान पर हैं पर आज का उनका जीवन में कोई स्थान नहीं है। युवकों की इस विचारधारा ने आचार्य तुलसी को चिंतन करने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने विचारा कि व्यक्ति से ही समिष्ट का निर्माण होता है। बिना नागरिक विकास के कोई भी सामाजिक व्यवस्था टिक नहीं सकती। आज चारो ओर फैली हुई अधार्मिकता, शोषण, हिंसा, दुराचार, अनैतिकता और अशांति को मिटाने के लिए एक सबल क्र्रांति की आवश्यकता है। यह चुप बैठने का समय नहीं है। धर्म मात्र परंपरा निभाने और परिपाटियों का परिचालन करने के लिए नहीं है। वरन धर्म एक जीवंत शक्ति है। इसका ज्ञान कराना होगा। तब ही हम कुछ कर पाएगे। महात्मा गांधी के बलिदान से धर्म, संप्रदाय एवं धर्माचार्यों पर यह नैतिक जिम्मेदारी आई है। केवल संप्रदाय मात्र को चलाना ही धर्म नहीं है वरन धार्मिक आचार विचार के वास्तविक मूल्यों को जन जन में संचार करने के साथ मानवीय आदर्शों को मूर्त रूप् देना ही धर्म का मूल उददेश्य है। मात्र राजनेताओं के आधार पर सुराज्य की कामना करें, यह मृग मरीचका है। हमें नई दिशा लेनी और देनी होगी। तब ही हम जन जीवन में प्रवेश के अधिकारी होंगे।

किसी को कुछ कहूं उसके पूर्व मुझे ही कमर कसनी होगी। हमारे श्रावक प्रतिदिन धर्म स्थान पर आते हैं, साधुओं की उपासना करते हैं। धर्मचर्चा करते हैं। पर धार्मिक व्यक्ति के जीवन में जितना परिवर्तन होना चाहिए उनता दिखाई नहीं दे रहा है। धर्मोपसना की पृष्ठभूमि में जो नीति निष्ठा अपेक्षित है उसके अभाव में धार्मिकता फलवती नहीं हो सकती। नैतिकता की उधेड़बुन में चिंतन का क्रम आगे बढ़ा और इस सोच के साथ ही अणुव्रत विचार क्रांति का अभ्युदय हुआ। सन 1948 अक्टूबर के प्रात कालीन प्रवचन में आचार्य तुलसी ने सिंह घोषण की कि श्धर्म हमारे जीवन में उतरना चाहिए। हमारा जीवन नैतिक एवं प्रामाणिक बने। आज चहंुओर फैली हुई अधार्मिकता, शोषणवृत्ति, हिंसा, दुराचार एवं अशांति को मिटाने के लिए सबल नैतिक क्रांति की जरूरत है। इस सामाजिक क्राति के लिए प्रारंभ में मात्र ऐसे 25 संवाहकों की आवश्यकता है जो सदाचारपूर्ण जीवन जीने के साथ अपने आचार विचार की मशाल जागृत कर नैतिक क्रांति की ओर कूच करें।श्

इस तरह 25 संवाहकों की एक कार्यकत्र्ता वाहिनी का गठन हुआ। दिशा परिवर्तन के लिए एक नई आचार संहिता के निर्धारण की आवश्यकता महसूस हुई। भगवान महावीर द्वारा प्रदत्त श्रावक के व्रतों की आचार संहिता सामने थी। वर्तमान समस्याओं को ध्यान में रख कर एक नई आचार संहिता तैयार की गई। नाम एवं आचार विचारयुक्त एक एक नियम पर विचार करते हुए अणुव्रत नियमावली प्रस्फुटन हुआ। नामकरण, उददेश्य विधान एवं नियमावली पर विचार करने के लिए मुनि श्री नथमल वर्तमान में आचार्य महाप्रज्ञ, मुनि श्री बुद्धमल एवं मुनि श्री नगराज के सानिध्य में एक उपसमिति का गठन किया गया, उसमें श्री देवेन्द्र कुमार कर्णावट, श्री छोगमल चोपड़ा, श्री चंद रामपुरिया एवं श्री मोहन लाल कठौतिया मुख्य थे।
अब बारी थी नई आचार संहिता के नामकरण की, एक लंबे चिंतन के बाद कई सुझाव आए जैसे आदर्श श्रावक संघ, नैतिक मंच, नैतिक आंदोलन, अणुव्रती संघ। मुनि श्री नथमल आचार्य महाप्रज्ञ के सुझाव पर अणुव्रती संघ नाम निर्णीत किया गया।
फाल्गुन शुक्ला द्वितीया वि सं 2005 तदनुसार 1 मार्च 1949 का दिन सरदार शहर चुरू राजस्थान में नई संभावनाओं के साथ उदित हुआ। सूर्योदय के अन्नतर प्रात काल की पुण्यवेला में अणुव्रत आंदोलन का उदघाटन हुआ। अणुव्रत प्रवर्तक आचार्य तुलसी ने नैतिक क्रांति से प्रेरित अपने उदघाटन भाषण में कहा .... धार्मिक मूल्यों में मेरी गहरी आस्था है। मैं उस आस्था को क्रिया काण्ड या उपासना पद्धति में ही सीमित करना नहीं चाहता। मात्र उपासना के धरातल पर टिका हुआ धर्म जीवन को रूपान्तरण की स्थिति में नहीं ला सकता। जहां रूपान्तरण का अवकाश नहीं है। वहां जड़ता अपनी जड़ें जमा लेती है। धर्म का क्रांत और तेजस्वी स्वरूप धार्मिक की चर्या में प्रतिविबिंत हो सकता है। इसके लिए नैतिक मूल्यों की प्रतिष्ठा अपेक्षित है। नैतिकता धर्म की पृष्ठभूमि भी है और नियति है।
नैतिकता का वियोग मूच्र्छावस्था का प्रतीक है। इस मूच्र्छा को तोड़कर धर्म के माध्यम से वैयक्तिक और सामाजिक लाभ की अनुभूति करना वर्तमान की सबसे बड़ी अपेक्षा है। जाति, भाषा, प्रांत, संप्रदाय आदि धर्म की व्यापकता में बाधा है। जब तक यह बाधा नहीं टूटती है, धर्म सार्वभौमिक, सार्वजनिक हितों का संवाहक नहीं हो सकता। जाति, भाषा, आदिगत भिन्नता धार्मिक मूल्यों के बीच में दीवार खड़ी न करे तो धर्म प्रसार के साधन विस्तृत हो सकते हैं। किसी भी धर्म के सिद्धांतों को अपनी सहमति देने से पहले मानव धर्म को सहमति देना अपेक्षित है। समाज के लिए भारभूत अर्थहीन रूढ़ परंपराओं को तोड़े बिना धर्म अपने सामाजिक लाभ को अभिव्यक्ति नहीं दे सकती। सादा और सात्विक, प्रामाणिक और निश्चिन्त तथा मानसिक द्वन्द्वों से निर्मुक्त स्वस्थ जीवन जीने के लिए एक नई किन्तु प्राचीन पद्धति का प्रादुर्भाव जन जीवन में नई स्फुरणाओं और संभावनाओं को जन्म देगा, यह मेरा दृढ़ विश्वास है। आचार्य तुलसी ने अपने अभिभाषण में अणुव्रत आंदोलन की भूमिका का महत्व बताते हुए जन जन से अपने कर्तव्य बोध का आह्वन किया। एक ही आह्वन में 73 लोगों ने अपने नाम दिए।
उदघाटन समारोह में घोषित अणुव्रत आचार संहिता के अनुसार अहिंसा, सत्य, ब्रह्मचर्य, अस्तेय, अपरिग्रह आदि के अनुसार सबकी व्याख्या करते हुए छोटे छोटे 75 नियम थे।
यह नैतिक क्रांति का प्रारंभ था। जिसका लोकव्यापी स्वागत हुआ। सरदारशहर अणुव्रत की संस्थापना का आधारभूत केंद्र बना और यहीं से संयम खलु जीवनम्, संयम ही जीवन है का घोष गूंजा। जो धीरे धीरे जनघोष बन गया और हिमालय से कन्याकुमारी तक चहुंओर फैल उठा।  

वर्तमान अणुव्रत अनुशास्ता और अहिंसा यात्रा
विश्व क्षितिज को अध्यात्मिक आलोक प्रदाता लोक महर्षि आचार्यश्री महाश्रमण इक्कीसवीं सदी के महान समाज सुधारक है। ‘संयम ही जीवन है’ उद्घोष को मुखरित करने वाले अणुव्रत आंदोलन को आप अणुव्रत अनुशास्ता के रूप में कुशल नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं।

आपका जन्म 13 मई 1962 को राजस्थान के सरदारशहर कस्बे में हुआ एवं 5 मई 1974 को दीक्षित हुए। एक धर्म संप्रदाय के आचार्य होते हुए भी आपके विचार असम्प्रदायातीत है। अहिंसा और नैतिकता की प्रतिष्ठापना के लिए आप सतत् संलग्न है। मानवीय मूल्यों के पुर्नस्थापना एवं कल्याण के फौलादी संकल्प के साथ 30,000 किलोमीटर की आप द्वारा की गई पद्यात्राएं आपके परम पुरुषार्थ की परिचायक है।

अणुव्रत अनुशास्ता वर्तमान युग के ऐसे अध्यात्मिक अशुं माली है जिनकी अध्यात्म रश्मियां से समग्र विश्व अहिंसा का आलोक पाता है। 9 नवम्बर 2014 को दिल्ली के लालकिले से सद्भावना, नैतिकता एवं नशामुक्ति के विशद् प्रचार-प्रसार के उद्देश्यों के साथ अहिंसा-यात्रा का शंखनाद आपका अद्भुत उपक्रम है। जनमानस को लाभान्वित करने वाली इस ऐतिहासिक अहिंसा-यात्रा के लिए राष्ट्रपति श्री प्रणव मुखर्जी, पूर्व राष्ट्रपति डाॅ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री श्री सुशील कोईराला एवं कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी आदि ने शुभ कामना संदेश प्रेषित किये। विभिन्न विभूतियों के साथ-साथ नेपाल के पूर्व उपराष्ट्रपति        श्री परमानंद झा भी अहिंसा यात्रा के शुभारंभ में पैदल दिल्ली की सड़कों पर पूज्यप्रवर के साथ प्रस्थित हुए।

लगभग 10,000 किलोमीटर की प्रस्तावित अहिंसा यात्रा भारत के पड़ौसी देश नेपाल, भूटान आदि के साथ-साथ हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, आसाम, मेघालय, सिक्किम, उड़ीसा, तमिलनाडू, आंध्रप्रदेश, तेलांगाना, कर्नाटक आदि भारतीय राज्यों को भी अहिंसा के अमृत से आप्लावित कर रही हैं। अणुव्रत महासमिति भी अहिंसा यात्रा में सहभागी होकर गौरवान्वित है।

अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण के आध्यात्मिक मार्गदर्शन में अणुव्रत महासमिति और उसकी देश-विदेश में फैली 133 समितियां, अणुव्रत विश्व भारती, अखिल भारतीय अणुव्रत न्यास एवं अणुव्रत शिक्षक संसद संस्थान विभिन्न उपक्रमों द्वारा पूरे विश्व में नैतिकता के संदेश को संप्रसारित करने हेतु प्रयासरत है।
।। जय अणुव्रत।।

 












मनुष्य का धर्म क्या है ?



अजय शर्मा
आजकल देश में सामाजिक स्तर पर हालात बेहद चिंताजनक हैं। इसे सामाजिक और इंसानियत में संक्रमण का दौर कहा जाए तो गलत नहीं होगा। पिछले कुछ समय से देशवासियों के अंदर सांप्रदायिक उग्रता और हिंसात्मक प्रदर्शन देखने सुनने में कुछ ज्यादा ही आ रहे हैं। इन घटनाओं के दौरान पूरे दिन टीवी चैनल पर ऐसी घटनाओं की खबरें और बेबुनियादी बहस प्रसारित की जाती रहती हैं। इन प्रसारणों ने लोगों को जागरूक करने की बजाय उन्माद और कट्टरता को बढ़ावा ही दिया है। देशवासियों में आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना दम तोड़ती साफ देखी जा सकती है। छोटी-छोटी बातों और अफवाहों पर जाति और धर्म संप्रदाय विशेष के अनुयायी सड़कों पर लाठी, पत्थर और हथियार लेकर निकल रहे हैं। विगत कुछ महीनों में कुछ घटनाएं ऐसी हैं जिनका यहां पर जिक्र करना जरूरी है। जिससे आप समझ सकते हैं कि लोगों में धार्मिक उन्माद किस कदर बढ़ा है। चाहे वह नोएडा के पास गौ मांस की अफवाह पर अखलाक की निर्मम हत्या हो, चलती टेन में गौ मांस खाने की संभावना पर साथी यात्री को नीेचे फेंकने की घटना हो, बिहार में भी धार्मिक बवाल देखने के लिए मिला और अभी हाल ही में बंगाल के मालदा की घटना। इसके अलावा पंजाब और गुजरात में गौ रक्षक दलों के द्वारा गो कशी के लिए ले जा रहे पशुओं का जीवन बचाने हेतू ड्ाइवर और उसके सहयोगियों की निर्ममता से सरेआम पिटाई। पशुओं के जीवन बचाने की इस मुहिम में हिंसा इतनी बढ़ गई कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने भाषण में कहना पड़ा कि उन्हें मत मारो, मारना है तो मुझे गोली मार दो। प्रधानमंत्री की पीड़ा को समझा जा सकता है।
भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में ये उग्रता तथा हिंसात्मक अभिव्यक्ति समाज और देश के लिए खतरे की घंटी है। लोग अपने ही भाई बधुंओं के विचारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को भी सहन नहीं कर पा रहे हैं। एक दूसरे पर अमर्यादित और अभद्र भाषा की कीचड़ उछाल रहें हैं। यह समाज के लिए बहुत ही गंभीर हालात हैं।
अणुव्रत भी किसी भी प्रकार की हिंसा और हत्या, असहिष्णुता का विरोध करती है। आचार्य श्री तुलसी द्वारा प्रवर्तित अणुव्रत आचार संहिता अपने 11 सूत्रिय नियमों में मानव को इंसानियत को लेकर जागृत करती है। वह उसके नैतिक उत्थान की बात करती है।

यदि इसके संभावित कारणों पर गौर करें कि ऐसा क्यों हो रहा है। तो कुछ बातें समझ में आती हैं। लोगों में राष्टीयता की भावना शून्य हो गई है। वे जाति, प्रांत और संप्रदाय में बंट गए हंै। लोग हिन्दु, मुस्लिम, सिख, ईसाई, पारसी और इसके बाद संप्रदाय जैसे सनातन, जैन, वैष्णव इत्यादि में बंट गए हैं। यहां पर संप्रदाय मुख्य हो गए हैं और राष्टीयता गौण हो गई है। ये कौन कर रहा है? क्यों कर रहा है? मैं यहां पर किसी समुदाय या व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लेना चाहता हूं। लेकिन ऐसे लोग अपने व्यक्तिगत और राजनीतिक फायदों के लिए देश की जनता की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहें हैं। एक तरह से ये लोग मानवता के हत्यारे हैं। मनुष्य की धार्मिक भावनाओं को भड़का कर खूनी खेल खेला जा रहा है। ये लोग देश को आर्थिक और सामाजिक आघात पहंुचा रहे हैं।

मैं इन लोगों के बहकावे में आकर इंसान को इंसान ना समझने वाले भोले भाले मनुष्यों से जानना चाहता हूं कि जब आपका कोई भाई बंधु दूसरे देश में जाता है और उससे पूछा जाता है कि आप किस देश के नागरिक हो, तो वह बताता है कि मैं हिन्दुस्तान का नागरिक हूं। तो उस वक्त उसे वहां पर हिन्दुस्तानी कहा जाता है ना हिन्दु, मुस्लिम या सिख ईसाई। तो फिर ये संप्रदाय प्रधान कैसे हो गए। धर्म सिर्फ इंसान की ईश्वर में आस्था का प्रतीक है। संप्रदाय इंसान की पहचान नहीं हो सकता, इंसान की पहचान उसके व्यवहार और चरित्र से होती है। मनुष्य के इस पतन के लिए देश की राजनीति में कुछ स्वार्थी लोग जिम्मेदार हैं। जो राजनीति करने के बजाय मानवता के हत्यारे बने हुए हैं। अपनी राजनीतिक पिपासा के लिए किसी भी हद तक गिरने के लिए तैयार हैं क्योंकि वे जानते हैं भारत एक लोकतांत्रिक देश है और इन्हें राजनीति में बने रहने के लिए जन समर्थन आवश्यक है। इसलिए इन लोगों ने मनुष्य को संप्रदाय के आधार पर बांटना शुरू कर दिया। जिसके परिणाम दंगों और हत्याओं के रूप में सामने आ रहे हैं। मुझे तो लगता है इस तरह के लोगों को संसद में पहुंचने का अधिकार ही नहीं चाहिए। संसद में दिखने वाले चेहरों को पहले प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। जिससे वह व्यक्तिगत स्वार्थ से उपर उठ कर देश हित में सोचें।

अब सवाल यह उठता है कि ऐसे हालातों और असहिष्णुता को पनपने से कैसे रोका जाए। कैसे लोगों में संप्रदाय से उपर उठकर आपसी सौहार्द और भाई चारे के साथ साथ राष्टीयता की भावना का विकास किया जाए। जिससे प्राणियों में सदभावना हो। इसके लिए मनुष्य को इन जाति, संप्रदाय और प्रांतवाद के छोटे-छोटे समूहों में वर्गीकृत होना छोड़ कर इंसान ही बने रहने का प्रयास करना होगा। जो मानव समाज के लिए बेहतर है।

मैं सभी मानव समाज के साथ साथ जनता द्वारा चुने गए जन प्रतिनिधियों से भी अनुरोध करता हूं कि वे सिर्फ राजनीति करें। मनुष्य की धार्मिक भावनाओं की रक्षा करें। हमारे संविधान के मुताबिक धर्म निरपेक्षता का अर्थ है कि सभी देशवासी अपनी धार्मिक भावनाओं के अनुसार कहीं भी पूजा पाठ कर सकते हैं और दूसरे धर्म का आदर करें। तो ऐसे में सरकार भी राजनीति धर्म का पालन करे। जिससे प्राणियों में सद्भावना हो। धर्म निरपेक्ष राज्य का दायित्व है कि वह धर्म की चिंता करे। मानवीय गुणों के विकास का जो धर्म है उसकी चिंता करे। जिस धर्म का पक्ष केवल नैतिक और चारित्रिक है वही राज्य को मान्य होना चाहिए। इसका तात्पर्य है कि वैदिक, जैन, बौद्ध, ईसाई और इस्लाम आदि राज्य के धर्म नहीं हो सकते।


Monday, September 26, 2016

जानिए कैसा रहा 67वां अणुव्रत अधिवेशन

अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण जी के सान्निध्य में 67वां अणुव्रत अधिवेशन असम की राजधानी गुवाहाटी में  दिनांक 21 से 23 अगस्त 2016 तक आयोजित हुआ। अणुव्रत आंदोलन की संवाहक चारों केन्द्रीय संस्थाओं अणुव्रत महासमिति, अखिल भारतीय अणुव्रत न्यास, अणुव्रत विश्व भारती और राष्ट्रीय अणुव्रत शिक्षक संसद संस्थान के 459 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिवेशन में सार्थक विमर्श, प्रस्तुतिकरण और समूहचर्चा में परम श्रद्धेय अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण जी का सभी सत्रों में पावन सान्निध्य एवं मार्ग दर्शन प्राप्त हुआ।

साध्वीप्रमुखा श्री कनकप्रभा जी, मुख्य मुनिश्री महावीर कुमार जी, मुख्य नियोजिका विश्रुतप्रभा जी, साध्वीवर्या संबुद्धयशा जी का पावन मंगल आशीर्वाद एवं प्रेरणा पाथेय प्राप्त हुआ। अणुव्रत आध्यात्मिक पर्यवेक्षक मुनिश्री जयकुमार जी, मुनिश्री कुमार श्रमण जी, मुनिश्री अशोक कुमार जी, मुनिश्री कीर्ति कुमार जी, मुनिश्री योगेश कुमार जी, मुनिश्री दिनेश कुमार जी आदि का मार्ग दर्शन एवं प्रेरणा प्राप्त हुई। अधिवेशन में अणुव्रत पुरस्कार से सम्मानित श्री हेमभाई, असम के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रफुल मेहन्ता, स्थानीय विधायक सिद्धार्थ भट्टाचार्य, बिलासीपाड़ा (असम) विधायक अशोक सिंघी, चेयरमेन फेडरेशन ऑफ स्किल डिवेलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के अनिल होमसमुंद्रकर ;एफएसडीओ), मसोटमी जिमिक डायरेक्टर ;एन.एस.डी.सी.), सुरेन्द्र तलपड़े आरएसएस अध्यक्ष (नॉर्थ ईस्ट), पंकज पाठक ;अध्यक्ष, किसान मोर्चा, बीजेपी, नार्थ ईस्ट), बीजेपी महिला नेता धीरा तालुकदर ;अध्यक्ष असम महिला मोर्चा, बीजेपी, नॉर्थ ईस्टद्धए दुलुमिनी ककोटी ;सचिव, असम महिला मोर्चा, बीजेपी, नॉर्थ ईस्टद्धए एन. नीलिम, छब्बीन राजख्वा ;पूर्व निदेशक कला एवं संस्कृति, असम), कृष्णानाथ (राज्य सचिव असम) प्रमुख थे। इस 67वें अधिवेशन की मेजबानी अणुव्रत समिति गुवाहटी ने की।
आपको बता दें कि अधिवेशन में कार्यों की समीक्षा के अलावा संगोष्ठियों, अणुव्रत पुरस्कार, अणुव्रत लेखक पुरस्कार, अणुव्रत सेवी सम्मान, श्रेष्ठ अणुव्रत समिति सम्मान आदि से सम्मानित किया गया।  इस परिपेक्ष्य में अणुव्रत महासमिति द्वारा प्रतिवर्ष स्वर्गीय सेठ हुकुम चंद सेठिया, श्री डूंगरगढ़, जलगांव (महाराष्ट्र) की स्मृति में दिया जाने वाला अणुव्रत लेखक पुरस्कार-2016 श्री दिलीप धींग, उदयपुर, चैन्नई को देने की घोषणा की गई। अणुव्रत सेवी सम्मान श्री लक्ष्मीलाल गांधी; भीलवाड़ा एवं श्री मदनलाल धोका, राजसमंद को प्रदान किया गया।

अणुव्रत सिलीगुड़ी को श्रेष्ठ समिति, अणुव्रत समिति दिल्ली को सक्रिय समिति (प्रथम), विशेष सक्रिय कार्यकर्ता, आंचलिक प्रभारी, पत्रिका अभिवृद्धि योजना, सिंहस्थ प्रकल्प-2016 सम्मान, क्षेत्रिय भाषा पत्रिका प्रकाशन ;कन्नड़ के लिये श्री शांति संकलेचा-बैंगलोर, अधिवेशन के संयोजक श्री सुबोध कोठारी एवं अणुव्रत समिति गुवाहटी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अधिवेशन में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये गये।
अधिवेशन में अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन-एडवोकेट, महामं़त्री अरुण संचेती, अखिल भारतीय अणुव्रत न्यास के प्रबंध न्यासी सम्पतमल नाहाटा, अणुव्रत विश्व भारती के अध्यक्ष निर्मल एम. रांका, महामंत्री संचय जैन, राष्ट्रीय अणुव्रत शिक्षक संसद संस्थान के अध्यक्ष उत्तमचंद पगारिया, महामंत्री राजेश सुराणा, अणुव्रत प्रवक्ता व महासमिति संरक्षक डॉ. महेन्द्र कर्णावट, पूर्व अध्यक्ष, श्री बाबूलाल गोलछा, निर्वतमान अध्यक्ष श्री डालचंद कोठारी एवं चारों केन्द्रीय संस्थाओं के पदाधिकारीगण, कार्यसमिति के सदस्यगण तथा गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आचार्य महाश्रमण प्रवास व्यवस्था समिति गुवाहटी को उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।  

इस अविस्मरणीय तीन दिवसीय 67वें अधिवेशन के कुछ महत्वपूर्ण पल, संगोष्ठियां, कार्यक्रम और अणुव्रत महासमिति की प्रबंध मंडल, कार्यकासमिति व वार्षिक साधारण सभा की बैठक का आंखो देखा लाइव विवरण हम आपके लिए लेकर आए हैं।

दिन शनिवार 20 अगस्त 2016
67वें अणुव्रत अधिवेशन से एक दिन पूर्व गुवाहाटी में स्थानीय मीडिया के साथ एक प्रेसवार्ता रखी गई। जिसमें अणुव्रत आंदोलन की चारों केन्द्रीय संस्थाओं के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रेसवार्ता में अधिवेशन से संबधित पूरे कार्यक्रम और अणुव्रत आंदोलन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रेस कांफ्रेंस में अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन-एडवोकेट ने मीडिया से बातचीत में बताया कि तीन दिवसीय अधिवेशन में विभिन्न विषयों पर 13 सत्रों का आयोजन किया जाएगा। यह अधिवेशन अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण के सान्निध्य में संपन्न होगा। इस पूरे अधिवेशन में देशभर से लगभग 500 प्रतिनिधियों के अलावा असम की राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से जानी मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इस बार अणुव्रत अधिवेशन की थीम संयम है और संयम का अर्थ है व्यक्तित्व का विकास, जीवन का विकास।  आचार्यश्री महाश्रमण जी की अहिंसा यात्रा भूटान और नेपाल से होते हुए असम की राजधानी गुवाहाटी पहुंची है। आपको बताना चाहूंगा यह यात्रा नवम्बर 2014 अपने देश की राजधानी दिल्ली में लाल किले से शुरू हुई थी।

अखिल भारतीय अणुव्रत न्यास के प्रबंध न्यासी सम्पतमल नाहाटा ने अणुव्रत आंदोलन की गति-प्रगति के बारे में पत्रकारों को बताया कि 1600 से ज्यादा स्कूलों में नैतिक निर्माण के लिए गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा हैं। आंकड़ों के मुताबिक लगभग 2 लाख बच्चे इस वर्ष इसमें भाग ले रहे हैं। पिछले वर्ष 1 लाख 78 हजार बच्चों ने भाग लिया था। आप सभी जानते हैं कि सरकार अपने नागरिकों पर नियम उपर से थोपती है लेकिन अणुव्रत मानस परिवर्तन पर ध्यान देता है। यह नैतिकता को बढ़ावा देता है, प्रोत्साहित करता है। यह धर्म सम्प्रदाय से बंधा हुआ नहीं है। कैसे मानस परिवर्तन हो, हम इस पर काम कर रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय अणुव्रत शिक्षक संसद संस्थान के अध्यक्ष उत्तमचंद पगारिया ने बताया कि हम बच्चों को अणुव्रत के नैतिक आचार-विचार से अवगत कराने का काम मुख्य रूप से कर रहे हैं। अणुव्रत विश्व भारती के महामंत्री संचय जैन ने मीडिया को जानकारी दी कि हम नैतिकता व संयम का संदेश पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। हमने गुवाहाटी में भी ‘बालोदय’ कार्यक्रम शुरू किया है। इसमें बच्चों को नैतिकता से संबंधित मूल्यों के बारे में बताया जाता है।

प्रेस वार्ता में अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन,एडवोकेट ने कहा कि तीन दिवसीय अधिवेशन के दौरान अणुव्रत की चारों केन्द्रीय संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। अतः आप से अनुरोध है कि आप यहां पर हमारी कार्यशैली को देखें और समझें।

प्रेसवार्ता में एक मीडियाकर्मी ने सवाल किया कि अणुव्रत अधिवेशन में बाहर से लोग आ रहे हैं। स्थानीय लोग दिखाई नहीं दे रहे हैं? इस सवाल के जवाब में एक स्थानीय अणुव्रती सदस्य ने असमिया भाषा में पत्रकारों के सभी सवालों के जवाब दिए और उन्हें संतुष्ट किया।
एक पत्रकार ने अणुव्रत के नशा मुक्ति अभियान की तारीफ करते हुए कहा कि  यहां का युवा भटका हुआ है। यहां का युवा नशा, व्यसन व मांसाहार में फंसा हुआ है। नार्थ ईस्ट को तस्करी का बहुत बड़ा बाजार बना दिया गया है। आपके नशा मुक्ति अभियान से कुछ बदलाव की आशा की जा सकती हैं।

सवाल पत्रकार-आप नशा के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। आप ऐसा क्या कर रहे हैं जो ग्राउड लेवल पर दिखाई दे?
उत्तर- अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष ने कहा कि गुवाहाटी में हम नशे के खिलाफ संगोष्ठियों का आयोजन कर रहे हैं। छोटी-छोटी बस्तियों में लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है।

दिन रविवार 21 अगस्त 2016
रविवार को गुवाहाटी में सभी अणुव्रतियों के लिए सूर्योदय एक नई उर्जा के साथ हुआ। प्रातकाल 4;30 बजे से ही कार्यकर्ताओं में एक नई उर्जा, नई उमंग और नया जोश था। सभी प्रातः तड़के ही अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण जी के दर्शनों के लिए पहुंचे। गुरु दर्शन और आशीर्वाद के बाद योगा एवं प्रेक्षाध्यान से सभी ने अपने आपको नई ऊर्जा से भरा।
सुबह लगभग 8;30 बजे अधिवेशन परिसर के गेट नं 2 के प्रांगण में सैकड़ों पुरुष और महिलाएं एकत्रित हुए। भीड़ होने की वजह से जिसको जहां जगह मिली, वह वहां खड़ा हो गया। कुछ महिलाएं आचार्यश्री महाश्रमण जी के आवास स्थल के मुख्य द्वार के आस-पास ही बैठ गइंर्। ताकि वे वहां से सबकुछ आसानी से देख सके। सुबह साढ़े आठ बजे भी बहुत तेज गर्मी पड़ रही थी लेकिन मजाल है किसी भी अणुव्रती का जोश ठंडा पड़ जाए। जी हां, ऐसा विहंगम दृश्य था 67वें अधिवेशन के शुभारंभ से पूर्व ध्वजारोहण के वक्त।

महिलाओं ने तो प्रांगड़ में पहुंचते ही माइक पर अणुव्रत के गीत गाने शुरू कर दिए। वहीं दूसरी ओर अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन और महामंत्री अरूण संचेती अपने सभी साथियों के साथ ध्वजारोहण के लिए मुख्य अतिथि असम के पूर्व सीएम प्रफुल मेहन्ता का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। लेकिन उनके आने में विलंब हो रहा था। अणुव्रत पर्यवेक्षक मुनिश्री जय कुमार ध्वजारोहण को समय से संपन्न कराने हेतु प्रांगड़ में पहुंच चुके थे। तभी सूचना मिली कि गुवाहाटी के स्थानीय विधायक सिद्धार्थ भट्टाचार्य पहुंचने वाले हैं। बामुश्किल 2-3 मिनट में विधायक सिद्धार्थ आ गए और उनकी उपस्थिति में सुबह 9ः07 बजे मुनिश्री के मंगल पाठ के साथ ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न हो गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय अणुव्रत न्यास के प्रबंध न्यासी सम्पतमल नाहाटा, अणुव्रत विश्व भारती के महामंत्री संचित जैन एवं अणुव्रत शिक्षक संसद के अध्यक्ष उत्तमचंद पगारिया, अणुव्रत महासमिति के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल गोलछा, निर्वतमान अध्यक्ष डालचंद कोठारी, प्रेक्षाध्यान के पूर्व संपादक अशोक संचेती एवं रमेश काण्डपाल समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।

प्रातः 9.11 बजे
असम के पूर्व सीएम प्रफुल मेहन्ता अपने चिर परिचित अंदाज में जेड सुरक्षा के साथ लगभग सवा नौ बजे आए। अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन,एडवोकेट और महामंत्री अरुण संचेती ने सैकड़ों सदस्यों के साथ उनका स्वागत किया। प्रफुल मेहन्ता ने आचार्यश्री महाश्रमण जी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने गुरूदेव से लगभग 15 मिनट तक बातचीत की।

प्रातः 9.23 बजे
आचार्यश्री के दर्शनों के बाद नशा मुक्ति अभियान प्रभारी अणुव्रत महासमिति राकेश नाहटा ने पूर्व सीएम से नशा मुक्ति अभियान का संकल्प-पत्र भरवाया।
प्रातः 9.25 बजे
प्रफुल मेहन्ता ने अणुव्रत के कार्यकारी संपादक अजय शर्मा से मुलाकात में कहा कि अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण जी समाज सुधारक के रूप में समाज को उचित दिशा देने का काम कर रहे हैं।

प्रतिनिधि परिचय एवं केन्द्रीय सत्र की प्रस्तुति :
इस सत्र में अणुव्रत की चारों केन्द्रीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चिंतन किया। इस सत्र के दौरान सभी प्र्रतिनिधियों ने अपना-अपना परिचय दिया और अपनी संस्थागत उपलिब्धयों से अवगत करवाया।

दोपहर 12.00 बजे
लगभग पांच सौ कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा हुआ सभागार सदस्यों के बैठने के लिए छोटा पड़ गया। सभागार में मंच पर आसीन होने वालों में अणुव्रत की चारों केन्द्रीय संस्थाओं के अध्यक्ष और महामंत्रियों के अलावा निर्वतमान अध्यक्ष डालचंद कोठारी, पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल गोलछा थे। कार्यक्रम के सूत्रधार मर्यादा कोठारी ने बहुत ही मनमोहक ढंग से संचालन शुरू किया। उन्होंने क्रमानुसार सभी का परिचय सदस्यों से करवाया।

दोपहर 12ः20 बजे
कार्यक्रम का शुभारंभ मुनिश्री जयकुमारजी के मंगलपाठ से हुआ। तत्पश्चात अणुव्रत के सदस्यों ने अणुव्रत गीत
नैतिकता की सुर सरिता में जन जन मन पावन हो।
संयममय जीवन हो.....................श् का संगान किया।

इसके बाद अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन, एडवोकेट ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने सभी का तहेदिल से स्वागत किया। अध्यक्ष महोदय ने कहा कि आज मेरे कार्यकाल को एक वर्ष पूरा हो रहा है। जिसमें सभी का भरपूर सहयोग मिला। महामंत्री अरुण संचेती ने तीनों केन्द्रीय संस्थाओं के पदाधिकारियों का स्वागत किया। महामंत्री ने अपने एक वर्षीय कार्यकाल पर कहा कि यह एक साल का सफर बहुत ही अच्छा रहा। महामंत्री के बाद सभी पदाधिकारियों ने क्रमानुसार अपना परिचय एवं संक्षिप्त वक्तव्य दिया। जिसमें उन्होंने अपने कार्यकाल से जुड़े कुछ अविस्मरणीय अनुभवों को साझा किया।

अखिल भारतीय अणुव्रत न्यास के प्रबंध न्यासी सम्पतमल नाहाटा ने न्यास के कार्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। अणुव्रत विश्व भारती के महामंत्री संचय जैन ने ग्लोबल लेवल पर किए जाने कार्यों के बारे में सदस्यों को अवगत कराया। उन्होंने आगे बताया कि किस तरह जैन परिपेक्ष्य में अहिंसा और करुणा पर नई पीढ़ी को केन्द्र में रखते हुए वे कार्यरत हैं।

अणुव्रत शिक्षक संसद से हीरालाल श्रीमाली ने शिक्षक संसद की कार्यप्रणाली पर रोशनी डालते हुए कहा कि बिहार में नशे की प्रवृति बहुत ज्यादा है इस पर भी हमें काम करना चाहिए।
अणुव्रत शिक्षक संसद के अध्यक्ष उत्तमचंद पगारिया ने अहिंसा, नैतिकता और संयम को मानव जीवन के लिए आवश्यक बताया।

अणुव्रत समिति दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. पी.सी. जैन ने आचार्यश्री तुलसी के द्वारा अणुव्रत की स्थापना और आंदोलन के प्रति समर्पण भावना को याद करते हुए कहा कि अणुव्रत आंदोलन एक नैतिक जन-चेतना अभियान है। यह लोगों में सहिष्णुता की भावना का विकास करता है। इस संगोष्ठी का समापन रमेश काण्डपाल के आभार ज्ञापन से हुआ।


द्वितीय सत्र
दोपहर 2 बजे
विषय : प्रभावी कैसे बने अणुव्रत का प्रचार प्रसार

अणुव्रत आंदोलन के प्रचार प्रसार को प्रभावी बनाने के लिए एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें इस बात पर चिंतन किया गया कि कैसे मीडिया के विभिन्न स्वरूपों का सदुपयोग किया जाए। मीडिया जगत के अनुभवी पत्रकारों और लेखकों में वरिष्ठ पत्रकार एवं अणुव्रत पत्रिका के संपादक महेन्द्र जैन, कार्यकारी संपादक अजय शर्मा, प्रेक्षाध्यान के पूर्व संपादक अशोक संचेती, अणुव्रत महासमिति के सोशल मीडिया प्रभारी राजेश कांवड़ियां, वैब सह प्रभारी विनय लिंगा,  मुनिश्री कुमार श्रमण और अणुव्रत आध्यात्मिक पर्यवेक्षक प्रभारी मुनिश्री जयकुमार ने अपने विचारों से लोगों को लाभान्वित किया। इस कार्यक्रम के संयोजक थे अरुण संचेती।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुनिश्री जयकुमार के मंगल पाठ से हुआ। इस मंथन गोष्ठी में सर्वप्रथम अणुव्रत पत्रिका के संपादक महेन्द्र जैन ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज अणुव्रत के प्रचार प्रसार में अणुव्रतियों की बढ़ती उदासीनता एक गंभीर विषय बनती जा रही है। युवा इससे दूर जा रहे हैं। यदि अणुव्रत पत्रिका को प्रोफेशनली और कमर्शियली चलाया जाए तो इसे व्यापक बनाया जा सकता है।

मंथन के प्रवाह को आगे बढ़ाते हुए मुनिश्री कुमार श्रमण ने कहा कि मुझे इस हॉल में उपस्थित लोग अणुव्रती होने के बजाय अणुव्रती प्रेमी ज्यादा नजर आते हैं। मुनिश्री ने कहा कि आप लोग अणुव्रत को लेकर गंभीरता से काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बड़े ही विस्मयपूर्ण भाव से कहा कि कभी-कभी तो दो संस्थाएं एक ही विषय पर काम करती नजर आती हैं। ऐसा भी देखने में आता है कि कार्यक्रम का आयोजन करो, होर्डिंग-पोस्टर लगाओ, फोटो खिचवाओ और जिम्मेदारी संपन्न।

मुनिश्री ने सभागार में उपस्थित सभी सदस्यों को प्रेरित करते हुए कहा कि मैं आपसे पूछता हूं कि आपने पिछले कुछ दिनों में कितने अणुव्रती बनाए। यहां पर मौजूद अणुव्रतियों में से क्या किसी को अणुव्रत आचार संहिता याद है? क्या मैं पूंछ लूं किसी से? आप प्रतिदिन कितने लोगों से अणुव्रत की चर्चा करते हैं? आप अधिवेशन में शामिल होने के लिए गुवाहाटी ट्रेन से, हवाई जहाज से आए हैं, क्या आपने यात्रा के दौरान अपने सहयात्रियों से इसके बारे में किसी भी प्रकार की चर्चा की? क्या आप अपने साथ अणुव्रत से संबधित साम्रगी अपने साथ लेकर चलते हैं। जो वक्त पड़ने पर मिलने वालों को दे सकें। आप लोग ऐसा कुछ भी नहीं कर रहे हैं। जबकि होना यह चाहिए कि आप लोगों को अणुव्रत कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन करने चाहिए। उसमें लोगों को सिखाया जाए, प्रशिक्षण दिया जाए कि वे लोग समाज में काम कैसे करें। जिससे अणुव्रत आंदोलन आगे बढ़े, इसे गति मिले। कार्यकर्ता गली मुहल्लों, घरों और बाजारों में जावें, लोगों से मिलें और अणुव्रत के बारे में बताएं।

मुनिश्री कुमार श्रमण ने नशा मुक्ति अभियान को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने नशा मुक्ति संकल्प -पत्र भरवाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि संकल्प -पत्र भरवाने से कुछ नहीं होगा। 500 फॉर्म भरवा कर वाह-वाही लूटने से कुछ नहीं होने वाला। पहले लोगों को नशा मुक्ति के बारे में जागरूक करो, उनके अंदर संयम की भावना का विकास करो। फिर उनसे स्वेच्छा से नशा मुक्ति के फॉर्म भरवाए जाएं। हमें संख्या नहीं, गुणवत्ता चाहिए। अणुव्रतियों को विषय केन्द्रित होकर काम करना चाहिए। आप को अन्य संस्थाओं की कार्यप्रणाली से सीखना चाहिए। अणुव्रती सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं इसलिए अन्ना हजारे और केजरीवाल जैसे लोग नेता बनकर हमारे बीच आ रहे हैं। यदि आचार्यश्री तुलसी के सि़द्धांतों को सही ढंग से प्रतिपादित किया होता तो समाज में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होती और लोग खुशहाल होते।

मैंने अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन,एडवोकेट से कहा है कि सभी सदस्यों को गुवाहाटी के बाजार में लेकर जाएं और वहां पर स्थानीय लोगों से वार्ता करें, मुझे बड़ी हैरानी होती है कि जब मेरे पास खबरें आती हैं कि अमुक समिति ने कंबल बांटे, ब्लड डोनेशन कैम्प लगाया, अरे आपने नया क्या किया। यह काम तो रोटरी क्लब, लॉयस क्लब भी करता है। इसलिए भीड़ में शामिल न हो, केन्द्रीत होकर काम करें। मुझे उम्मीद है आप लोग कुछ सोचेगे इस विषय पर।

कार्यकारी संपादक अजय शर्मा ने प्रिंट मीडिया के विषय पर बोलते हुए कहा कि पहले तो यह समझना होगा कि प्रिंट मीडिया है क्या? अमूमन हम लोग न्यूज पेपर, मेगजीन, ब्रॉचर्स, पम्पलेट, पोस्टर को इस श्रेणी में रखते हैं। मैं प्रिंट मीडिया के इतिहास में नहीं जाउंगा कि 1780 में पहला न्यूज पेपर द बंगाल गजट छपा था। मैं सिर्फ इतना ही कहूंगा कि प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता आज भी बरकरार है। लोगों के बीच इसकी पैठ आज भी कायम है। अजय शर्मा ने अणुव्रत के इतिहास को याद करते हुए कहा कि अणुव्रत आंदोलन की नींव में प्रिंट मीडिया की बहुत ही अहम भूमिका रही है, यह किसी से छिपा नहीं है। उस वक्त अणुव्रत आंदोलन को आचार्यश्री तुलसी ने लोगों के बीच पहुंचाने के लिए पिं्रट मीडिया का सार्थक उपयोग किया।
आज मीडिया के विभिन्न स्वरूप हैं या फिर यूं कह लीजिए आज हमारे पास बहुत से विकल्प हैं। हम इलेक्ट्रॉनिक मीडिया यानी कि टीवी न्यूज चैनल, रेडियो और न्यू मीडिया यानी कि वेब साइट, वेब पोर्टल, ब्लॉग और यू टयूब के सहारे सूचनाओं, जानकारियों और खबरों का आदान-प्रदान कर सकते हैं। अब तो साहित्य भी न्यू मीडिया के जरिए हासिल किया जा सकता है। इसके अलावा डिजीटल मीडिया भी आ गया है। यह एक तरह से प्रिंट मीडिया का ही एडवांस वर्जन है जो इंटरनेट के जरिए मोबाइल, टेबलेट या कंप्यूटर पर इस्तेमाल किया जाता है। डिजीटल मीडिया में आज आपको विजीटिंग कार्ड से लेकर ब्रॉचर्स, पोस्टर्स, होर्डिंग्स, मैगजीन तक उपलब्ध हैं। रही बात सोशल मीडिया की और उसकी लोकप्रियता की। तो उसको हम नकार नहीं सकते हैं। लेकिन जब बात आती है विश्वसनीयता की, तो उस पर सोशल मीडिया खरी नहीं उतर पाती है। इसकी साख यहां दांव पर लगी रहती है। इस पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं, जानकारियों और खबरों पर विश्वास नहीं करते हैं क्योंकि वो किसी पूर्वाग्रह से भरी भी हो सकती हैं। सोशल मीडिया में फेसबुक और व्हाटसअप ने लोगों को विचारों की स्वतं़त्र अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम दिया है। आप यूं भी कह सकते हैं कि सोशल मीडिया बेलगाम है। जिसे कंट्रोल करने के लिए साइबर लॉ बनाया गया है। फेसबुक को भी अपने यूजर की आइडेन्टी और पोस्ट को लेकर सतर्कता और निगरानी बोर्ड बनाना पड़ा। तो ऐसे में इस पर अविश्वास के बादल छाए रहते हैं।

इसलिए लोग आज भी प्रिंट मीडिया पर ही भरोसा करते हैं। लोग न्यूज पेपर, मैगजीन और बुक्स को अध्ययन करने के लिए इस्तेमाल करते हैं। उसकी विश्वसनीयता पर किसी भी तरह की कोई आंच नहीं है।

मुनिश्री जय कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा हालात बता रहे हैं। अब अणुव्रत के पुनः जीवन का समय आ गया है। उसे फिर से जन्म देना होगा। इस जन-जागरण बनाने हेतू आप लोग प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करें। आप लोगों से अपेक्षा है कि आप लोग अपने विचारों में ठहराव लाएं, जीवन में ठहराव लाएं। इसकी सख्त आवश्यकता है।

अणुव्रत प्रचेता एवं प्रेक्षाध्यान के पूर्व संपादक अशोक संचेती ने अणुव्रत दर्शन पर अपने विचार रखते हुए कहा कि अणुव्रत के प्रचार-प्रसार में इसका सही ढंग से उपयोग किया जाना चाहिए। यदि हम ऐसा कर पाते हैं तो आशातीत सफलता अवश्य मिलेगी।

सोशल मीडिया प्रभारी राजेश कांवड़ियां ने सोशल मीडिया की उपयोगिता पर रोशनी डालते हुए कहा कि आज के समय में लोगों से संवाद के मामले में फेसबुक, टिवटर और व्हाटस्अप उपयोगी और सार्थक टूल के रूप में उभरे हैं व इसके प्रयोग की भी जानकारी दी। यदि आप अभी भी इसके बारे में नहीं जानते हैं। तो आप इसका प्रयोग सीख लीजिए।

वेब सह-प्रभारी विनय लिंगा ने अणुव्रत महासमिति के वेब पोर्टल की जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले समय में अणुव्रत पत्रिका के साथ-साथ यह भी एक महत्वपूर्ण माध्यम रहेगा।

चुर्तथ सत्र
शाम 4 बजे
विषय : नारी अस्मिता और अणुव्रत

संध्याकालीन सत्र में नारी अस्मिता और अणुव्रत पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस विचार गोष्ठी में साध्वीवर्या संबुद्धयशा जी, साध्वीश्री कनकलता जी के सान्निध्य में वक्ताओं डॉ. कुसम लूनिया, माला कातरेला, प्रो. डॉ. ललिता बी जोगड़ और शांति सकलेचा ने अपने क्रांतिकारी विचारों से नारी शक्ति के पक्ष को रखा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अलका सांखला ने किया।

डॉ. कुसुम लूनिया ने वुमन करियर और सफल गृहणी के विषय पर बोलते हुए कहा कि आज के दौर में नारी घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने करियर में भी सफलता के झण्डे गाढ़ रही है। अपनी अस्मिता के लिए उसका संघर्ष किसी से छिपा नहीं है। इसके पक्ष में उन्होंने नारी शक्ति के कुछ उदाहरण भी दिए।

माला कातरेला ने कन्या भ्रूण हत्या पर बोलते हुए कहा कि लिंग परीक्षण और कन्या भ्रूण हत्या मानव जीवन के लिए अभिशाप है। यह एक मानसिक विकृति के समान है। जो लोगों को भ्रूण हत्या के लिए प्रेरित करता है। आज अपने देश में कहीं न कहीं कन्या भ्रूण हत्या की खबरें में सुनने और पढ़ने आती रहती हैं। मौजूदा स्थिति में आचार्यश्री तुलसी द्वारा प्रतिपादित अणुव्रत आचार संहिता का पहला नियम मैं भ्रूण हत्या नहीं करूंगा, जो लोगों को भ्रूण हत्या करने से रोकता है। यदि लोग अणुव्रत के व्रतों को धारण करें तो कन्या भ्रूण हत्या को रोका जा सकता है।

शांति सकलेचा ने पुरूषों की विकृत मानसिकता पर प्रहार करते हुए कहा कि पुरूष स्त्री का सम्मान करना अपना अपमान समझता है। उसके अंदर पुरूषवादी अहं कूट-कूट कर भरा हुआ है। आप अपने आस-पास कहीं भी देख सकते हैं। घर से लेकर स्कूल कॉलेज, ऑफिस और सार्वजनिक स्थानों तक, महिलाओं के साथ होने वाला अभद्र व्यवहार, घरेलू हिंसा और यौन उत्पीड़न आज की सबसे बड़ी समस्या है। इसका समाधान अणुव्रत आचार संहिता में निहित है। यदि कोई भी व्यक्ति अणुव्रत आचार संहिता का पालन करना शुरू कर दे। उसको अपने जीवन में उतार ले तो महिलाओं को सम्मान मिलना शुरू हो जाएगा। इसलिए हमारे समाज को चाहिए कि वह मनुष्यों में नैतिक विकास पर ध्यान केन्द्रित करे। जिससे सभी में समता और समानता का भाव विकसित किया जा सके।

साध्वीवर्या संबुद्धयशा जी ने स्त्री स्वाभिमान को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने पुरुष को पूरी तरह से इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान से जीने के लिए प्रत्येक प्राणी को कोशिश करनी चाहिए। अतः प्रत्येक स्त्री को भी अपने सम्मान के लिए आवाज उठानी चाहिए। उसे संघर्ष करना चाहिए। साध्वीवर्या ने इस अवसर पर स्त्रियों को लेकर आचार्यश्री तुलसी के विचारों का उल्लेख किया।

रात्रि कालीन
पंचम सत्र : नैतिकता (सांस्कृतिक संध्या)
प्रथम सत्र के रात्रि कालीन सत्र में एक ललित कला एवं साहित्य पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम के संयोजक हास्य और व्यंग्य कवि करन जैन थे। जिन्होंने अपनी बहुमूल्य प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अणुव्रतियों का दिल जीत लिया। उन्होंने जीवन की वास्तविकता से ओत-प्रोत और व्यंग्यभरी कविताओं की बौछारों से लोगों को हंसने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर दिया। इसके अलावा एक स्टेज नाटिका का भी आयोजन किया गया। जिसमें 36 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका विनोद कोठारी और अंत में आभार ज्ञापन अरुण संचेती ने दिया।

द्वितीय दिन 22 अगस्त 2016
आज का दिन सुबह 5 बजे गुरु वंदना से शुरू हुआ। प्रातः कालीन सत्र प्रेक्षाध्यान के अभ्यास के लिए रखा गया था। जिसके अंतर्गत उपस्थित श्रद्धालुओं और अणुव्रतियों को जीवन दर्शन के बारे में बताया गया।

सुबह 8ः45 बजे
साध्वी प्रमुखाश्री कनकप्रभा जी के सान्निध्य में एक संगोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें उन्होंने संयम की महत्ता पर प्रकाश पर डालते हुए कहा कि सभी मानवों को अपने व्यवहार और खान-पान पर संयम रखना चाहिए। शादी समारोह जैसे समारोह में खाने-पीने के व्यंजनों से लेकर अन्य संसाधनों पर संयम बरतना चाहिए। दिखावे और आडंबर का परित्याग करें। अणुव्रत को जीवन में अपनाने से परिवार और समाज का ढांचा बदल सकता है। इस दौरान उन्होंने आचार्यश्री तुलसी के जीवन दर्शन को याद करते हुए उपस्थित लोगों को जागरूक करने का प्रयत्न किया। आभार ज्ञापन महासमिति के अध्यक्ष सुरेंन्द्र जैन, एडवोकेट ने किया।
ः छठा सत्र
सुबह 9ः20 बजे
विषय
 नशा नशे का द्वार
इस विषय पर साध्वीश्री विश्रुतप्रभा जी ने अपने क्रांतिकारी और ओजस्वी विचारों से उपस्थित श्रोताओं को जागरूक करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि नशा करने वाले व्यक्ति का आभा मंडल भी कांतिहीन हो जाता है। नशा करने वाला मनुष्य विवेकहीन हो जाता है। उसका मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास नहीं हो पाता है। उन्होंने इसके लिए मुगल बादशाह बाबर की शराब की लत को लेकर एक प्रेरणास्पद कहानी श्रोताओं को सुनाई। बाबर किस तरह शराब की बुरी आदत की वजह से बार-बार शिकस्त का सामना कर रहा था। जब बाबर को लगा कि उसकी कमजोरी और हार की मुख्य वजह शराब है। तो उसने तुरंत शराब पीना छोड़ दिया और अपने सैनिकों के लिए भी शराब प्रतिबंधित कर दी। ऐसा करते ही बाबर ने अपने प्रतिद्वंदी पर जीत हासिल कर ली। इसके बाद बाबर ने हिन्दुस्तान में मुगल साम्राज्य की स्थापना की। जिसके बाद उसकी आने वाली पीढ़ियों ने 300 साल तक शासन किया। लेकिन जहांगीर ने व्यसन से ग्रसित होकर पूरे मुगल साम्राज्य को डूबो दिया। उन्होंने श्रोताओं को नशे के दुश्परिणामों के बारे में भी बताया।

सुबह 10ः20
मुनिश्री महावीर ने प्रवचन स्थल से श्रोताओं को एक प्रेरणास्पद भजन सुनाया। जिसके बोल थे
‘‘भारत के लोगों जागो,
जीवन में संयम अपनाओ’’

सुबह 10ः25
अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणरजी ने अपना प्रवचन इस प्रश्न के साथ शुरु किया कि दुख क्यों पैदा होता है?
उत्तर - कामांध वृत्ति से दुख पैदा होता है। पदार्थों की आसक्ति से दुख पैदा होता है। इस विषय में कैसे जागरूक रहना चाहिए। इसके लिए गुरुदेव ने भगवान गौतम बुद्ध का उदाहरण दिया। ऐसे ही अणुव्रत के कार्यकर्ताओं का अणुव्रत के क्षेत्र में कार्य करना उनका धर्म है, कर्तव्य है। अणुव्रतों को अध्ययन करना चाहिए। उन्हें ज्ञान बढ़ाना चाहिए। गुरुदेव ने साधुओं को भी नसीहत देते हुए जागरूक किया कि साधुओं को आराम तलबी नहीं होना चाहिए। आचार्य तुलसी कितनी मेहनत करते थे। वे कितनी यात्राएं करते थे। उन्होंने अपने जीवन में सैकड़ों यात्राएं की। वे चातुर्मास का आयोजन, साधु व साध्वी का नियोजन करते थे। वे बिना थके वृद्धावस्था में भी यात्राएं करते थे। पूरे देश में, राज्यों में, नगरों में 70 वर्ष की आयु के बाद भी 9 वर्षों तक यात्राएं करते रहे।

आचार्यश्री ने साधुओं के लिए यह भी कहा कि साधु को कभी स्त्री के प्रेमपाश में नहीं बंधना चाहिए। वो साधु ही क्या जो स्त्री के प्रेमपाश में बंध जाए। कामांध हो जाए। शरीर की सुकुमारता में नहीं फंसना चाहिए। वहीं गृहस्थ को स्त्री के साथ सामंजस्य बनाकर रखना चाहिए। सीमा से बाहर नहीं निकलना चाहिए। अणुव्रत की साधना करने वाले को ब्रहमचर्य की साधना, संयम करना चाहिए। अणुव्रती को पर स्त्रीगमन, वेश्यावृत्ति नहीं करनी चाहिए। अणुव्रत का पालन करने वाले का कल्याण होता है।


प्रातः 10.54 बजे
अंत में साध्वीवर्या संबुद्धयशा जी ने मनुष्य की बुरी आदतों पर प्रवचन दिया। उन्होंने कहा कि हमारी बुरी आदतें, बुरे संस्कार आत्मा को पीड़ित करते हैं। अपने दोषों को छिपाना और दूसरों को छलना पीड़ा देने वाला है। भाषा में सरलता होनी चिहए। वाणी में सरलता होती है तो व्यक्ति किसी को ठग नहीं सकता। व्यक्ति को अंतस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए धर्म आराधना करनी चाहिए।

प्रातः 11.03 बजे
माला कातरेला ने पूज्य प्रवर गुरुदेव के सानिनध्य में अपने तमिल संस्करण पुस्तक ‘रोज की एक सलाह’ के बारे में उपस्थित लोगों को बताया। गुरूदेव ने माला कातरेला को उनके इस कार्य के लिए आशीर्वाद दिया।

प्रातः 11.05 बजे
इस कार्यक्रम में आचार्यश्री का आशीर्वाद लेने पहुंचे बिलासीपाड़ा (असम) विधायक अशोक सिंघी ने कहा कि अणुव्रत आंदोलन असप्रांदायिक व नैतिक आंदोलन है। मानव जीवन की आचार संहिता है। आज के मौजूदा हालात में बहुत उपयोगी साबित हो सकता है। अणुव्रत एक कवच बन सकता है। उन्होंने ने आगे कहा कि-मैं आचार्यश्री से आशीर्वाद लेने आया हूं ताकि मैं सामाजिक परिवर्तन और समाज सुधार में भूमिका निभा सकूं।

विधायक ने कहा कि-क्या हम वाकई तेरापंथी हैं? क्या हम वाकई अणुव्रती हैं? यह एक गंभीर सवाल है। हमारा देश आज नशा व पर्यावरण की समस्या से जूझ रहा है। इसके लिए अणुव्रत एक समाधान हो सकता है। आज स्कूलों में ड्रग की आदत बढ़ती जा रही है। इस पर गंभीर चिंतन की आवश्यकता है। विधायक अशोक सिंघी के भाषण पर कटाक्ष करते हुए मुनिश्री दिनेश कुमार ने कहा कि भाषण देना ही, काम करना आता है। कार्यक्रम के अंत में आचार्यश्री महाश्रमण के द्वारा मंगल पाठ किया गया।

प्रातः 11.25 बजे बीजेपी विधायक अशोक सिंघी से खास मुलाकात
बिलासीपाड़ा (असम) विधायक अशोक सिंघी से अणुव्रत पत्रिका के कार्यकारी संपादक से एक खास मुलाकात हुई। जिसमें उन्होंने अणुव्रती बनने की इच्छा जाहिर की लेकिन साथ ही यह भी कहा कि आपको अभी थोड़ा सा इंतजार करना पड़ेगा। तो पेश है इसी मुलाकात के कुछ प्रमुख अंश :

संपादक- अणुव्रत के प्रचार-प्रसार के लिए आप स्थानीय स्तर पर क्या कर रहे हैं?
विधायक- अभी तो मैं कुछ भी नहीं कर रहा हूं लेकिन भविष्य में योजना है। वैसे भी, मैं अभी अणुव्रत से जुड़ा हुआ नहीं हूं। मैं तेरापंथी हूं, लेकिन मैं अणुव्रत से जुड़ना चाहता हूं।
संपादक-यदि आप अणुव्रत से जुड़ना चाहते हैं और उसके लिए कुछ करना भी चाहते हैं तो आपने आज अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण के सम्मुख अणुव्रती बनने की इच्छा की सार्वजनिक घोषणा क्यों नहीं की?
विधायक- क्योंकि मैं नहीं चाहता था कि कोई इस घोषणा को राजनीतिक पैंतरा समझे। मैं अपने विरोधियों को किसी भी तरह का मौका नहीं देना चाहता। समय आने पर घोषणा करूंगा। अभी आने वाले समय में अनुशास्ता हमारी तरफ आ रहे हैं। मैं वहीं अणुव्रत से जुड़ने की घोषणा करूंगा।

सांतवा सत्र विषय : मैं भी हूं अणुव्रती
मैं भी अणुव्रती संगोष्ठी में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के विचार सुनने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग सभागार में एकत्रित हुए। संगोष्ठी का शुभारंभ अणुव्रत गीत से हुआ। जिसे अणुव्रत समिति दिल्ली के सदस्यों ने गाया। मुख्य वक्ताओं के रूप में मुनिश्री कीर्ति कुमार, मुनिश्री जय कुमार, समाजसेवी हेमभाई, दिव्य ज्योति सेठिया, तमिलनाडू से मठाधीश नयन भटटाचार्य, दिलीप राजपाल और डॉ. पी.सी. जैन थे। इस संगोष्ठी में चारों केन्द्रीय संस्थाओं के अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने मंच के दाएं तरफ अपना स्थान ग्रहण किया था। कार्यक्रम के सूत्रधार बने अणुव्रत समिति गुवाहाटी अध्यक्ष निर्मल सामसुखा।

अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन एडवोकेट ने स्वागत भाषण में कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि अणुव्रत आंदोलन से जुड़ा हूं और मैं सभी मेहमानों का स्वागत करता हूं। हेमभाई असम में उग्रवाद के रास्ते पर चल रहे भटके हुए युवाओं को अहिंसा और शांति के प्रति जागरूक कर रहे हैं। वो उन्हें जीवन की मुख्य धारा में वापस लाने का प्रयास पिछले कई दशकों से कर रहे हैं।

इस संगोष्ठी में वक्ताओं ने अपने विचारों से लोगों को लाभांवित किया, जो इस प्रकार है :
अणुव्रत समिति दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. पी.सी. जैन ने अणुव्रत में समाहित प्रमाणिकता की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ सभी से यही कहना चाहता हूं कि आप अपने व्यवहार से, बातों से दुनिया को बता दें कि मैं भी अणुव्रती हूं। आज हम यह संकल्प ले कि अणुव्रत को एक विशाल आंदोलन बना देंगे। आज हमारे स्कूल में 60 प्रतिशत अवार्ड लड़कियों को जाते हैं इसके पीछे बहुत मेहनत की गई है। पीसी जैन ने नई जनरेशन के बारे में बोलते हुए कहा कि स्टूडेंट को चार्ज किया जाए। उन्हें फ्रीडम दी जाए। वे जिम्मेदारी उठाने के लिए आगे आए। अणुव्रत में हमें एक सोच डालनी है, एक सोच पैदा करनी है कि किस तरह का जीवन जीने से वह अपने स्कूल-कॉलेज के बाद अपने 40 साल अच्छे से जी सकता है। यह भावना पैदा करनी होगी।

दिव्य ज्योति ने दुनिया की मौजूदा परिस्थितियों का आंकलन करते हुए कहा कि आप जो काम करते हैं वह अणुव्रत का काम है, इसलिए आप सभी अणुव्रती हैं। लोग हथियार उठा रहे हैं, आतंकवादी बन रहे हैं अपने धर्म के नाम पर कि अपना धर्म ही बेहतर है। वह अपने धर्म के नाम पर सीधे स्वर्ग में जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि आज एक सवाल उठ रहा है कि धर्म क्या है? मानव धर्म है। मानवता के खिलाफ जाएंगे। क्या यही धर्म है। नई पीढ़ी के लिए कैसे काम करें, यह सोचना होगा। बिहार, छत्तीसगढ़ में नशा मुक्ति पर अच्छा काम चल रहा है। जब तक हम खुद नहीं सुधरेंगे तब तक कुछ नहीं होगा। भ्रूण हत्या पर अणुव्रत ने बहुत ही जबरदस्त कदम उठाया है। असम में भ्रूण हत्या कम हैं लेकिन हरियाणा में ज्यादा है। भ्रूण हत्या के लिए माताएं भी काफी हद तक जिम्मेदार हैं। आप मानवता पर काम करें। जब मानवता ही नहीं होगी तो काम करके क्या होगा। मेरा आप से अनुरोध है कि आप लोग अंधविश्वास पर भी काम करें।

मुनिश्री कीर्ति कुमार ने कहा कि मैं भी अणुव्रती हूं कहने की बजाए यह कहना चाहिए कि मुझे गर्व है कि मैं अणुव्रती हूं। मुनिश्री ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि हमें अणुव्रत का प्रचारक बनना है। हमें ऐसे व्यक्ति का निर्माण करने की आवश्यकता है जिसे देखकर या जिससे मिलकर लोग कहे कि अणुव्रती आ गया। उन्होंने कहा कि अणुव्रत के प्रचारक स्थाई होने चाहिए। चाहे कितने भी अध्यक्ष या पदाधिकारी आ जाए या बदल जाएं लेकिन प्रचारक न बदले जाएं।

अणुव्रत पुरस्कार से सम्मानित हेमभाई ने कहा कि मेरे मन में विचारों का समुद्र मंथन चल रहा है। सभी धर्मों ने धर्म के लिए अस्त्र उठाया लेकिन जैन धर्म ऐसा धर्म है जिसने कभी अस्त्र नहीं उठाया। आईएसआईएस जैसे संगठनों के मामले में शांति और अहिंसा के लिए जैन धर्म को आगे आना चाहिए।

मठाधीश नयन भट्टाचार्य ने अपनी मातृभाषा में ईश्वर की वंदना के साथ अपना वक्तव्य अंग्रेजी में पढ़ना शुरू किया। उन्होंने आचार्यश्री तुलसी के संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचार व सिद्धांत आज भी प्रांसगिक हैं। जब आचार्यश्री तमिलनाडू आए थे। मैं उनसे मिला था। वह मेरी जिदंगी का टर्निंग पाइंट था। उन्होंने तमिल भाषा में अणुव्रत और जैन दर्शन के अनुवाद की तारीफ की। मठाधीश ने सभी लोगों को तमिलनाडू आने का न्यौता दिया।

दिलीप राजपाल पंचमण्डल सदस्य, अणुव्रत महासमिति ने कहा कि मैं भी अणुव्रत के लिए क्या कर रहा हूं? मैं सभी धर्मों के सम्मेलनों में जाता हूं। तो वहां मैं आचार्यश्री तुलसी, आचार्यश्री महाप्रज्ञ और वर्तमान आचार्यश्री महाश्रमण के बारे में बताता हूं।

अणुव्रत आध्यात्मिक पर्यवेक्षक मुनिश्री जय कुमार ने संगोष्ठी में अपने विचार रखते हुए कहा कि मैं भी अणुव्रती हूं, तो मैं हूं ही लेकिन मैं महाव्रती भी हूं। हम ऐसा व्रत लें कि हमारे अंदर अहिंसक, नैतिक चेतना जागृत हो। उन्होंने हेमभाई के विचारों का स्वागत किया। यदि व्यक्ति में मानसिक संबल हो, तो कुछ भी संभव है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि सभी को नियमित रूप से अणुव्रत आचार संहिता का पाठ करना चाहिए। यह सभी धर्मों का सार है। यह भगवान महावीर, भगवान बुद्ध को जानने और पढ़ने के समान है। आप अणुव्रत को जीए यही मेरी अपेक्षा है। भगवान महावीर के उपदेशों व सिद्धांतों को पढे़ तथा उनका जागरूकता को लेकर दिया गया सिद्धांत भी अवश्य पढ़ें और उसका अनुसरण अपने जीवन में करें।

आंठवा सत्र : साधारण सभा की बैठक
दोपहर के सत्र में अणुव्रत की केन्द्रीय संस्थाओं की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रतिनिधियों की अच्छी उपस्थिति रही। बैठक में संचालन की जिम्मेदारी विनोद कोठारी ने निभाई और मंच की शोभा बढ़ाई अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन-एडवोकेट, महामंत्री अरुण संचेती, कोषाध्यक्ष मक्खन लाल गोयल, उपाध्यक्ष मर्यादा कुमार कोठारी, प्रबंध संपादक लाजपत राय जैन, निर्वतमान अध्यक्ष डालचंद कोठारी, अणुव्रत शिक्षक संसद के अध्यक्ष उत्तम चंद पगारिया, अणुव्रत विश्व भारती के अध्यक्ष निर्मल एम. रांका, अणुव्रत न्यास के प्रबंध न्यासी संपतमल नाहाटा, महामंत्री संचय जैन इत्यादि। बैठक का शुभारंभ अणुव्रत समिति दिल्ली के 15 सदस्यों ने अणुव्रत गीत ;संयममय जीवन होद्ध का संगान किया। गीत गाते हुए डॉ. पी.सी. जैन और डॉ. धनपत लूनिया थोड़े से भावुक हो गए। निर्वतमान अध्यक्ष अणुव्रत महासमिति डालचंद कोठारी ने उपस्थित सभी सदस्यों को पुनः संकल्पित किया।

अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने स्वागत भाषण में अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि आज मेरे कार्यकाल को पूरा एक वर्ष हो गया है। जिम्मेदारियों के निर्वहन में पता ही नहीं चला कि कब एक साल हो गया। अपने से अपने पर अनुशासन इस परिभाषा को सार्थक सिद्ध करना है। मेरा आप सभी से निवेदन है कि बंधुओं अणुव्रत को हम अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। सबसे ज्यादा प्रबुद्ध लोगों को इस आंदोलन से जोड़ना है। अधिवेशन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था एवं तकलीफ के लिए खेद है लेकिन आप अणुव्रती हैं।

इसके बाद अणुव्रत महासमिति के पदाधिकारियों ने निर्वतमान अध्यक्ष डालचंद कोठारी और महामंत्री मर्यादा कोठारी का सम्मान किया गया।

संगोष्ठी के क्रम में आगे बढ़ते हुए महासमिति के सहमंत्री कन्हैयालाल चिप्पड़ ने पिछली साधारण सभा ;विराट नगर नेपाल की रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। इसके बाद महामंत्री अरुण संचेती ने प्रतिवेदन की प्रस्तुति दी जिसे सभी सदस्यों ने ओम अर्हम की ध्वनि के साथ पारित किया।
अरुण संचेती ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज अणुव्रत ने वैश्विक स्तर पर एक सर्वमान्य पहचान बनाई है। मुझे याद है जब सुरेन्द्र जी ने फोन पर मुझे मिलने का निमंत्रण दिया और उसके बाद आचार्यश्री महाश्रमण से मंगल पाठ सुनने के बाद अणुव्रत की जिम्मेदारी निभानी शुरू की, वह यात्रा आज भी बिना थके जारी है। मैं महामंत्री पद की जिम्मेदारी के लिए अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन के साथ मौजूद सभी पदाधिकारियों का आभारी हूं।

कोषाध्यक्ष मक्खन लाल गोयल ने गतवर्ष का आय-व्यय का ब्यौरा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। साथ ही आगामी वर्ष के लिए योजना प्रस्तुत की। जिसे स्वीकार कर लिया गया।

अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन-एडवोकेट ने कहा कि हमने अपनी समिमियों को जो मासिक प्रकल्प दिए, निर्देश दिए, उनका बखूबी पालन किया गया लेकिन वही कुछ ने उदासीनता की चादर ओढ़े रखी। कुछ समितियों ने व्यवस्थित रिपोर्ट नहीं भेजी। यह एक चिंता का विषय है।

सक्रिय समितियों के क्रम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहने वाली समितियों के नाम इस तरह हैं। प्रथम स्थान पर अणुव्रत समिति दिल्ली, द्वितीय स्थान पर बंगलूरू और भिवानी और तृतीय स्थान पर रही अणुव्रत समिति गुवाहटी, चैन्नई और मुंबई। प्रोत्साहन स्वरूप सिरसा, भीलवाड़ा, सूरत-उधना, मोमासर, हिसार, और उदयपुर। वहीं सर्वश्रेष्ठ समिति के पायदान पर रही अणुव्रत समिति सिलीगुड़ी।

इसी क्रम में सक्रिय सदस्यों की बात करें तो सिर्फ 6 सदस्य ही ऐसे रहे जो पूर्ण रूप से सक्रिय थे। हमने पांच सदस्यों को निरस्त भी किया है। इनके स्थान पर नये सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी।

विशेष सक्रिय सदस्यों में कार्यालय प्रभारी शांतिलाल पटावरी, सोशल मीडिया प्रभारी राजेश कांवड़ियां, अणुव्रत पत्रिका के प्रबंध संपादक लाजपत राय जैन, अहिंसा समवाय प्रभारी डॉ. बी.एन. पाण्डे, डॉ. कुसुम लूनिया और अणुव्रत पत्रिका अभिवृद्धि अभियान प्रभारी कुंदनमल तलेसरा रहे। आंचलिक प्रभारी के रूप में उदीत चोरड़िया (बिहार), पंकज डागा को सोशल मीडिया में सहभागिता के लिए, ओम प्रकाश जैन (सिरसा), शांति सकलेचा (बैंगलोर) से अणुव्रत पत्रिका के क्षेत्रिय प्रकाशन के लिए और सुभाष जैन-भिवानी को अणुव्रत पत्रिका के लिए सदस्य बनाने हेतु सम्मानित किया गया।

अणुव्रत महासमिति ने स्लोगन और आलेख प्रतियोगिता के लिए प्रवृष्टियां मंगवाईं थी। इस प्रतियोगिता में पांच स्लोगन को सर्वश्रेष्ठ और सात को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आलेख प्रतियोगिता में 4 को सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार दिया गया।

बैठक को आगे बढ़ाते हुए संचालक विनोद कोठारी ने अखिल भारतीय अणुव्रत न्यास को प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया। अणुव्रत न्यास की तरफ से शांति कुमार जैन ने प्रतिवेदन पढ़कर सुनाया।

इसके बाद अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष ने मुनिश्री जय कुमार के तीन सुझावों पर चर्चा की। ये तीन थे
महासमिति एक स्कूल गोद ले।
सभी अणुव्रती दिन में एक बार अणुव्रत आचार संहिता का वाचन करें।
प्रत्येक महीने के चौथे रविवार को सभी केन्द्रीय संस्थाओं की मीटिंग हो।

एक सुझाव महासमिति के अध्यक्ष की तरफ से था। सभी अणुव्रत सदस्यों के लिए पत्रिका की अभिवृद्धि के लिए 200 रूपए वार्षिक सदस्यता शुल्क रखा जाए। जिससे सभी को अणुव्रत से संबधित जानकारी मिलती रहे। इन सभी सुझावों को बैठक में मौजूद सदस्यों ने ओम अर्हम की ध्वनि से पारित किया।

बैठक में अणुव्रत पत्रिका विज्ञापन प्रभारी कन्हैया लाल चिप्पड़ ने मौजूद लोगों को विज्ञापन शुल्क और नीतियों के बारे में बताया। इसके बाद सभी सम्मानित सदस्यों के लिए सवाल जवाब या जिज्ञासा समाधान का सत्र रखा गया। कुछ चुनिंदा सवाल या जिज्ञासाएं इस प्रकार है :-

प्रश्न- दान किस रूप में ले सकते हैं।
जवाब- अध्यक्ष महोदय ने समाधान दिया कि आप चैक या कैश दोनों रूप में दान प्राप्त कर सकते हैं।

शांति सकलेचा का सुझाव था कि अणुव्रत समिति को संगठन मूलक संस्था घोषित किया जाए।
समाधान- इस सुझाव को अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष ने एक सिरे से नकार दिया।

अणुव्रत समिति भीलवाड़ा ने सुझाव दिया कि वर्षभर में हम कोई मेगा प्रोजक्ट लें। जिसके लिए उन्होंने एक साथ पूरे देश भर में पौधा रोपण का उदाहरण दिया। साथ ही उन्होंने चाय विक्रेता का भी जिक्र किया कि वह अपनी चाय के वितरण में अणुव्रत आचार संहिता के रेपर इस्तेमाल करता है, तो क्या हम उसे रेपर सप्लाई कर सकते हैं?
जवाब- सुरेन्द्र जैन ने कहा कि इसके बारे में गुरूदेव से चर्चा की जाएगी।

डॉ. अलका सांखला ने सुझाव दिया कि अणुव्रत समिति के सभी बैनर एक जैसे हो। इसके लिए बैनर का प्रारूप केन्द्र से ही बनकर आए।
जवाब अध्यक्ष- इस पर विचार किया जाएगा।

सवाल जवाब के सत्र के बाद सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए बैठक का समापन हुआ।


नौवां सत्र :
विषय - अणुव्रत कल, आज और कल
अणुव्रत कल आज और कल संगोष्ठी का आयोजन अणुव्रत के सुनहरे इतिहास और उज्जवल भविष्य पर मंथन को ध्यान में रखते हुए किया गया। सबसे पहले अणुव्रत महासमिति के निर्वतमान अध्यक्ष डालचंद कोठारी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि  अणुव्रत की क्या अपेक्षा है एवं अणुव्रत का प्रर्वतन कैसे हुआ, इस विषय पर उन्होंने अणुव्रत के इतिहास और महात्मा गांधी के अहिंसावादी सिंद्धांतों का जिक्र किया।

प्रो. सोहनलाल तिवारी ने कहा कि अणुव्रत एक लाइफ स्टाइल है। यह हर समस्या का समाधान है। जैसे मोदी ने योग को आज इंटरनेशनल बना दिया है ठीक उसी तरह अणुव्रत को भी इंटरनेशनल बनाया जाना चाहिए। अणुव्रत मानवता की बात करता है। अणुव्रत दर्शन के साथ-साथ आचार मीमांसा भी है।

संगठन मंत्री गौतम डागा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि कल जो बोया गया था, उसका फल आज हम खा रहे हैं। वहीं आने वाली पीढ़ी उम्मीद कर रही है कि हम उनके लिए कुछ बो जाएं। जिसका वो लाभ उठा सकें। उन्होंने इसके लिए आचार्यश्री तुलसी की साउथ यात्रा के दौरान बने एक अणुव्रती के संस्मरण को सुनाया।

इस तरह अणुव्रत कल, आज और कल की विचार संगोष्ठी संपन्न हुई, जिसमें सभी वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखें।

रात्रिकालीन दसवां सत्र अणुव्रत प्रश्न मंच प्रतियोगिता :
इस सत्र में अणुव्रत प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसका उददेश्य था अणुव्रतियों का हल्का फुल्का मनोरंजन करने के अलावा अणुव्रत के ज्ञान का परीक्षण करना। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुसुम लूनिया और डॉ. हंसा संचेती ने किया। सूत्रधार की भूमिका निभाई सहमंत्री रमेश बंसल ने। कार्यक्रम में अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष और महामंत्री की गरिमागयी उपस्थिति रही। निर्णायक की भूमिका में प्रो. डॉ. ललिता बी जोगड़, कार्यकारी संपादक अजय शर्मा और न्यास से रमेश काण्डपाल रहे।
इस प्रतियोगिता में 9 टीमों ने अपने-अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। माला कातरेला की ‘संयम’ टीम प्रथम पुरस्कार विजेता रही। वहीं ‘प्रेरणा’ टीम अपना खाता भी नहीं खोल पाई और उसे शून्य अंक से ही संतोष करना पड़ा। इस प्रतियोगिता के दौरान टीमों के अलावा दर्शकों ने भी प्रश्नों के जवाबों में सहभागिता निभाई, उनका ज्ञान टीमों के प्रतिभागियों से ज्यादा था। विजेता दर्शकों एवं प्रतिभागियों को सम्मनित किया गया।

साधारण सभा की समीक्षा बैठक के दौरान घोषित किए गए सदस्यों, प्रतियोगियों और समितियों को सम्मानित करते हुए कार्यक्रम का समापन सकुशल संपन्न हुआ।

23 अगस्त 2016 अधिवेशन समापन एवं निष्पत्ति सत्र :
प्रतिदिन की तरह ही आज के दिन भी सभी कार्यकर्ताओं में जोश और उर्जा बरकार थी। सभी प्रातः 4ः30 बजे अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी के दर्शनों के लिए पहुंचे । तदुपरांत प्रातः 5ः30 बजे योग और प्रेक्षाध्यान की कक्षा के बाद सभी लोग अधिवेशन के समापन की तैयारियों में जुट गयें।

प्रातः लगभग 9ः30 बजे प्रवचन पंडाल अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी के सान्निध्य में समापन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्री लक्ष्मीलाल गांधी-भीलवाड़ा एवं मदनलाल धोका-कांकरोली को अणुव्रत सेवी पुरस्कार से सम्मानित किया गया एवं अणुव्रत लेखक पुरस्कार-2016 के लिए डॉ. दिलीप धींग (उदयपुर, राजस्थान) के नाम की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन-एडवोकेट, अखिल भारतीय अणुव्रत न्यास के प्रबंध न्यासी सम्पतमल नाहाटा, अणुव्रत प्रवक्ता डॉ. महेन्द्र कर्णावट और अणुव्रत पुरस्कार से सम्मानित हेमभाई की विशेष उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन रमेश बंसल ने किया।

डॉ. महेन्द्र कर्णावट ने अणुव्रत के संस्मरण पर बोलते हुए कहा कि जब मुनिश्री राकेश कुमार को पता चला कि अहिंसा हार गई और हिंसा जीत गई, तो उन्होंने कहा कि इस पर मेरे विचार अलग हैं। अहिंसक शक्तियां एकजुट हों और राष्ट्रहित, समाजहित में काम करे। उन्होंने अणुव्रत के इतिहास की चर्चा करते हुए कुछ संस्मरणों को गुरुदेव के समक्ष दोहराया।

डॉ. महेन्द्र कर्णावट ने हेमभाई के कार्यां की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे एक सफल प्रयास कर रहे हैं। मेरी मंगल कामना है कि आपके प्रयास और यात्रा सफल हो। आभार ज्ञापन सम्पतमल नाहाटा ने किया। इसके बाद अणुव्रत अहिंसा अंतरराष्ट्रीय शांति पुरस्कार विजेता हेमभाई को गुरूदेव की उपस्थिति में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन, एडवोकेट ने आए हुए प्रस्तावों को अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री के समक्ष प्रस्तुत किया और समापन वक्तव्य दिया। आए हुए प्रस्तावों पर गुरुदेव ने अपना आशीर्वाद देकर सहमति प्रदान की। अधिवेशन समापन की औपचारिक घोषणा सहमंत्री रमेश बंसल ने की। यहां से सभी कार्यकताओं ने निष्पत्ति कार्यक्रम के लिए सभागार का रूख किया।

निष्पत्ति सत्र :
सैकड़ों कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे हुआ सभागार में सभी की निगाहें मंच की ओर लगी हुई थी। अणुव्रत महासमिति के सहमं़त्री कन्हैया लाल चिप्पड़ ने सूत्रधार की भूमिका संभाली।

कार्यसमिति सदस्य अणुव्रत महासमिति सरदारअली पड़िहार ने अपने विचार रखते हुए कहा कि यदि आपने नैतिक कार्य किए हैं तो आप अणुव्रती हैं अन्यथा नहीं। जैसा सोचेंगे वैसा बनेंगे। इसलिए अच्छा सोचो। अणुव्रत जातिप्रथा, सांप्रदायवाद को मिटाता है। चिप्पड़ जी ने कहा, शादी समारोह जैसे आयोजनों के दौरान अणुवत आचार संहिता बटवाएं। अणुव्रत दिल्ली समिति की मंत्री डॉ. कुसुम लूनिया ने महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन, एडवोकेट के सम्मान में कविता पाठ किया। वहीं माला कातरेला ने सुरेन्द्र जैन को शानदार प्रबंधन के लिए साधुवाद दिया।
अणुव्रत समिति गुवाहाटी के अध्यक्ष निर्मल सामसुखा ने समापन वक्तव्य में कहा कि हमने अच्छी सुविधाएं देने का प्रयास किया। फिर भी यदि कोई त्रुटि रह गई हो, असुविधा हुई हो, तो उसके लिए हमें खेद है। सह-प्रभारी नशामुक्ति प्रकल्प रमेश चौधरी ने कहा कि नशामुक्ति फॉर्म अच्छे से भरकर भेजें। अणुव्रत समिति दिल्ली की मीता शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि मैं अणुव्रत का तहेदिल से शुक्रिया अदा करती हूं। मैं आज जो कुछ भी हूं और जो आज इस मंच पर खड़ी हूं। वो अणुव्रत की वजह से हूं। मीता ने श्रोताओं को एक कविता भी सुनाई।

निष्पत्ति कार्यक्रम में ही सिंहस्थ प्रकल्प-2016 के सफल आयोजन के लिए विजय वोरा-संयोजक प्रकल्प, गौतम कोठारी और दिलीप राजपाल को सम्मानित किया गया। अणुव्रत समिति गुवाहटी की कनक भंसाली और सुशील डागा एवं आवास व्यवस्था के लिए अणुव्रत समिति गुवाहाटी अध्यक्ष निर्मल सामसुखा, नशामुक्ति प्रभारी राकेश नाहटा को विशेष सहयोगी (एक लाख का अनुदान) हेतु सम्मानित किया गया।

सुबोध कोठारी, अधिवेशन संयोजक को सम्मानित किया गया। इस मौके पर सुबोध कोठारी ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि सुशील डागा के अनुभवों का फायदा मिला। साथ ही राजेन्द्र दोशी के अथक प्रयासों के लिए धन्यवाद।

राष्ट्रीय अणुव्रत शिक्षक संसद संस्थान के महामंत्री राजेश सुराणा ने बोलते हुए कहा कि - मनुष्य में दो तरह की प्रवृत्ति होती है। मानवता और पशुता। अणुव्रत बदलने का दर्शन है। कार्यक्रमों का स्वरूप अच्छा कैसे हो, इस पर विचार करने की आवश्यकता है। अणुविभा के महामंत्री संचय जैन ने कहा कि किस तरह अणुव्रत को व्यापकता दें इस पर चिंतन करना है। इस प्रयास के लिए मैं समर्पित हूं।

कार्यसमिति सदस्य अणुव्रत महासमिति रतनलाल सुराणा ने आचार्यश्री तुलसी को याद करते हुए एक कविता का पाठ किया।

कार्यक्रम में अणुव्रत सेवी पुरस्कार से पुरस्कृत लक्ष्मीलाल गांधी ने भावुक होते हुए कहा कि आज का दिन मेरे लिए ना भूलने वाला दिन है। इसके लिए सभी का धन्यवाद।

मुनिश्री अशोक कुमार ने कहा कि-क्या हमारी फिर से वापसी राजनीतिक मंच पर नहीं हो सकती? क्या इस तरह के मंचों पर चर्चा नहीं हो सकती? क्या असम की विधानसभा में गुरुदेव की अहिंसा यात्रा की चर्चा नहीं हो सकती? यहां के बोडो ने भी अहिंसा यात्रा को सम्मान दिया। बंगाल में भी अहिंसा यात्रा को सम्मान मिला और उस पर चर्चा हुई। यह अच्छी बात है कि अणुव्रत आध्यात्मिक पर्यवेक्षक मुनिश्री जयकुमार अणुव्रत को एक व्यवस्थित रूप देना चाहते हैं। मुनिश्री ने अणुव्रत और अहिंसा के बारे में अपने संस्मरण उपस्थित सदस्यों को सुनाए। उन्होंने अणुव्रतियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बिहार और बंगाल की यात्रा के बारे में एक रूपरेखा बनाई जाए और असम में अहिंसा की अलख जगाई जाए। इसको लेकर आप गंभीरता से काम करें, ऐसी अपेक्षा है।

कार्यक्रम के समापन की ओर बढ़ते हुए अणुव्रत समिति गुवाहाटी ने अणुव्रत महासमिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन एडवोकेट और महामंत्री अरुण संचेती को उनके समस्त पदाधिकारियों समेत सम्मानित किया। इस भावुक विदाई के अवसर पर अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने कहा कि कुल 13 सत्र चलें, हमने बहुत से सुझाव और प्रस्ताव रखे। जिन बिंदुओं पर चर्चा हुई है, फैसला हुआ है। उस पर कार्य करें। ऐसी हमारी उम्मीद है। चारों संयुक्त केन्द्रीय संस्थाओं के समन्वय से यह कार्यक्रम हुआ है। भविष्य में ‘अणुव्रत गौरव’ के रूप में भी सम्मानित करने की योजना है। इसके बारे में आपको बताया जाएगा। अंत में किसी भी असुविधा के लिए खेद एवं क्षमा। साथ ही अणुव्रत आध्यात्मिक मुनिश्री जयकुमार के प्रति कृतज्ञता।

समापन और निष्पत्ति कार्यक्रम को विराम देते हुए अणुव्रत पर्यवेक्षक और चिंतक मुनिश्री जयुकुमार ने कहा कि जब तक मंथन चिंतन नहीं होता है। तब तक नवनीत नहीं होता है। इस नवनीत का बोध पूरे साल तक बना रहे। तभी हम अणुव्रत के लिए काम कर पाएंगे। अणुव्रत के लिए जुनून दिखाई देना चाहिए।

मुनिश्री ने आगे कहा कि जो स्कूल गोद लेने का प्रस्ताव मैंने आपको दिया था। उसका जल्द से जल्द एक प्रारूप बना लिया जाए। स्कूलों को एक ही सामग्री भेजी जाएगी। स्कूल गोद लेने और क्रियान्वयन की संपूर्ण जिम्मेदारी अणुव्रत महासमिति की होगी। अणुव्रत स्कूल गोद ले और उसे आदर्श स्कूल बनाए।
2 नं. सभी को अणुव्रत आचार संहिता कण्ठस्थ हो, एक पुस्तिका जेब में भी हो। अणुव्रत को जीएं। आपका आभा मण्डल स्वयं बताएगा। आरएसएस की तर्ज पर अणुव्रत की नई शाखाएं चलाई जाएं। कुछ प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएं। अणुव्रत के आदर्श बनें। जय अणुव्रत, जय अणुव्रत। सभी केन्द्रीय संस्थाएं साधुवाद की पात्र हैं।

कार्यक्रम के सूत्रधार एवं अणुव्रत महासमिति के सहमंत्री कन्हैया लाल चिप्पड़ ने कहा कि मुनिवर की प्रेरणा व उर्जा से विदा ले रहे हैं। सहमंत्री रमेश बंसल ने आभार ज्ञापन किया। अधिवेशन में अच्छी सहभागिता रही एवं समस्त कार्यक्रम सानंद संपन्न हुए, सभी ने नई ऊर्जा के साथ अणुव्रत के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए विदा ली।